नई दिल्ली. शाहिद-करीना स्टारर जब वी मेट की सफलता से रेलवे भी काफी उत्साहित है। अपना लाभ बढ़ाने और यात्रियों यात्रियों के लिए अधिक सुविधाएं जुटाने के उद्देश्य से रेलवे अब बॉलीवुड के साथ गठबंधन करने जा रहा है।
रेलवे अब फिल्मकारों को शूटिंग के लिए अपना विस्तृत मूल ढांचा, जिसमें ट्रेनें, प्लेटफॉर्म और स्टेशन शामिल हैं, मुहैया कराने की तैयारी में है। और इसके लिए रेलवे एक फिल्म सेल की योजना को लागू करने पर विचार कर रहा है।
मध्य रेलवे के प्रवक्ता एके जैन ने कहा कि पहले फिल्मकारों को शूटिंग की इजाजत लेने के लिए काफी लंबी प्रक्रिया से गुजरना होता था। अब, हम एक फिल्म सेल शुरू करने जा रहे हैं जो इस प्रक्रिया को जल्द और बेहतर बनाएगा। जैन ने कहा कि इस योजना से होने वाले मुनाफे का इस्तेमाल यात्रियों के लिए अधिक सुविधाएं जुटाने और मूलभूत जरूरतों के विकास पर किया जाएगा।
गौरतलब है कि पूना, कल्याण और मुंबई लोकल के कई हिस्सों को शामिल करने वाले मध्य रेलवे ने पिछले साल 82 लाख रुपए कमाए हैं। यह कमाई 2005-06 में 33 लाख रुपए थी। जैन ने बताया कि लागा चुनरी में दाग, दस कहानियां और जब वी मेट उन एक दर्जन से ज्यादा फिल्मों में से हैं जिनकी शूटिंग के लिए मध्य रेलवे का इस्तेमाल किया गया।