जालंधर
जालंधर श्रीसंथ को थप्पड़ जड़ने से जहां देशभर में भज्जी के फैंस नाराज हैं, वहीं उनकी मां भी आहत हैं। मां अवतार कौर का कहना है कि हार-जीत खेल का अभिन्न अंग है और खिलाड़ियों को इसे स्वीकार करना चाहिए। वे गर्व से कहती हैं कि जैसे भज्जी मेरा बेटा है, वैसे ही श्रीसंथ भी मेरा लाल है।
दोनों देश के बेटे हैं। उन्होंने कहा कि हर बार इंडियन टीम की जीत के बाद जहां वे मीडिया से अपनी खुशी बांटती हैं, वहीं इस बार उन्हें अपने बेटे की गलती के लिए शर्मिदा होना पड़ रहा है। साथ ही वे भज्जी के फैंस से आह्वान करती हैं कि वे इसे ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर एंड्रयू सायमंड्स से हुए विवाद से न जोड़ें।
उस विवाद के बारे में तो पूरा देश जानता है कि हरभजन के साथ अन्याय हुआ था और बाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने इसके लिए गलती भी मानी थी। वे कहती हैं कि भज्जी ने हारने के कारण ऐसा नहीं किया है। मां अवतार कौर ने कहा कि हरभजन ने जो किया उससे टीम पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए, क्योंकि दोनों बच्चे नहीं हैं और दोनो को पता है कि उन्हें इकट्ठे खेलना है।