उदयपुर.
बच्चों को आपत्तिजनक क्लिप दिखाने और उनसे हरकतें करने का आरोप लगाते हुए बड़ी के लोगों ने शुक्रवार को सैकंडरी स्कूल के क्लर्क का मुंह काला कर गांव में जुलूस निकाला गया। पुलिस ने राजकार्य में बाधा के मामले में पांच जनों को गिरफ्तार किया।
क्लर्क को स्कूल से हटा दिया गया है। अभिभावक और कई ग्रामीण शनिवारे सुबह स्कूल पहुंचे और कनिष्ठ लिपिक प्रकाश लखारा को सरकारी स्कूल से बाहर निकालकर मुंह काला कर दिया। फिर उसे गांव में घुमाया। इस दौरान छात्र भी साथ थे। डिप्टी योगेश गोयल व पुलिस जाप्ता उसे छुड़ाकर अंबामाता थाने लाया।
ग्रामीणों का कहना है : विश्वकर्मा युवा संघ के अध्यक्ष लक्ष्मीलाल सुथार व श्री मित्र सेवा संघ के अध्यक्ष मदन पंडित ने बताया कि लंबे समय से बच्चे लिपिक की हरकतों की शिकायत कर रहे थे। कलेक्टर को शिकायत का भी नतीजा नहीं निकला। ग्रामीणों का कहना था कि शनिवार सुबह कई बार प्रधानाध्यापक को स्कूल बुलाया गया, लेकिन वे नहीं आए।
धमकियां देता है लिपिक
बड़ी स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका विजया वैद्य ने बताया कि प्रकाश रोज लेट आता है। रजिस्टर में रेड निशान लगाने पर उसे काट कर हस्ताक्षर करता है। लेटलतीफी के खिलाफ कार्रवाई करने पर धमकियां देता है। हिदायत के बावजूद कक्षाओं में जाता है एवं स्कूल परिसर में मोबाइल पर तेज आवाज में गाने सुनता है। हालांकि अब तक किसी बच्चे ने लिपिक के खिलाफ अश्लील हरकत की शिकायत उनसे नहीं की है।
क्लर्क को स्कूल से हटाया
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शैक्षणिक प्रकोष्ठ के अधिकारी परमेश्वर श्रीमाली ने बताया कि क्लर्क को मुंह काला कर गांव में घुमाने की जानकारी मिलने पर स्टाफ व बच्चों से बातचीत की गई। प्रकाश लखारा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसे स्कूल से हटाकर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रथम) के कार्यालय में लगा दिया है। सोमवार को स्कूल में बच्चों व स्टॉफ के बयान लिए जाएंगे।
पुलिस की कार्रवाई
अंबामाता पुलिस ने क्लर्क प्रकाश लखारा की रिपोर्ट पर राजकार्य में बाधा डालने व मारपीट के मामले में बड़ी गांव निवासी मदन पंडित लक्ष्मीलाल, जयदेव, प्रेमशंकर सुथार तथा दिनेश सुथार को गिरफ्तार किया। दूसरी तरफ, बड़ी के जमनालाल सुथार ने भी प्रकाश लखारा के खिलाफ छात्र-छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने का मुकदमा दर्ज कराया।
ग्रामीण पहले भी कर चुके हैं शिकायत
कनिष्ठ लिपिक लखारा राजकीय माध्यमिक विद्यालय बड़ी में छह साल से कार्यरत है। स्कूल के बच्चों ने आपत्तिजनक हरकतें व मोबाइल पर आपत्तिजनक क्लिप दिखाने की शिकायत अभिभावकों से की। ग्रामीणों ने पूर्व में दो बार कलेक्टर व एक बार स्कूल प्राचार्य को भी शिकायत कर प्रकाश को हटाने की मांग की थी लेकिन शिकायतों का कोई नतीजा नहीं निकला।
ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक सुभाषचंद्र मेनारिया पर भी लखारा को बचाने का आरोप लगाया। छात्र चंद्र प्रकाश सुथार व चेतन प्रजापत ने बताया कि लिपिक बेवजह कक्षा में आकर छात्रों की पिटाई करता है। इधर, स्टाफ के कई सदस्यों ने लिपिक द्वारा परेशान किए जाने की शिकायतें कीं।