गाजियाबाद. अंधविश्वास के चलते पढ़े-लिखे लोगों पर भी जुनून सवार हो सकता है, इसकी एक दर्दनाक बानगी यहां देखने को मिली। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में तीन बेटों ने भूत-प्रेत के चक्कर में अपनी मां को पीट-पीटकर मार डाला। तीनों काफी पढ़े-लिखे हैं।
मां की मौत के बाद तीनों ने अपनी बहन रेणू को बुलाया और उसकी भी पिटाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीनों भाई नवनीत, रोहित और अश्वनी को गिरफ्तार कर लिया है।
सिटी एसपी विजय भूषण ने बताया कि विजय नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर 9 के एक मकान में रणवीर सिंह अपनी पत्नी शशि और तीन बेटों व एक बेटी के साथ रहते थे। परिवार के लोगों का मानना था कि बेटी रेणू पर काफी समय से भूत-प्रेत का साया था। इसी वजह से घर में पूजा रखी गई थी।
भूषण ने बताया कि पूजा के दौरान 60 साल की शशि झूमने लगीं। अपनी मां की इस हालत देख तीनों बेटों ने उन्हें दबोच लिया और उनकी पिटाई करने लगे। पिटाई से शशि बेहोश हो गईं और कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।