News
Metros
Chandigarh Chandigarh मोहाली. हरभजन व श्रीसंथ के बीच तकरार के बाद रविवार को पीसीए मोहाली में एक बार फिर खिलाड़ियों के बीच गर्मा-गर्मी देखने को मिली। इस बार दिल्ली डेयरडेविल्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ ने किंग्ज इलेवन के इरफान पठान के साथ पंगा लिया।यह वाकया मैच की दूसरी पारी में हुआ जब किंग्ज इलेवन की टीम बल्लेबाजी कर रही थी।
मोहम्मद आसिफ की गेंद पर जैसे ही पठान विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट हुए, आसिफ ने हाथ से उन्हें पैवेलियन जाने का इशारा कर दिया। इस पर पठान ने पहले आसिफ को घूर कर देखा और फिर जाते समय अंपायर से आसिफ की शिकायत की। पठान के साथ बल्लेबाजी कर रहे किंग्ज इलेवन के कप्तान युवराज सिंह ने भी दिल्ली के कप्तान वीरेंद्र सहवाग से आसिफ को समझाने को कहा। इसके बाद सहवाग ने आसिफ के पास जाकर कुछ कहा और मामला खत्म हो गया।
श्रीसंथ का ध्यान बंटा
भज्जी के साथ विवाद का असर रविवार को श्रीसंथ की गेंदबाजी पर दिखा। इंडियंस के खिलाफ दो विकेट लेने वाले श्रीसंथ ने इस मैच में दो ओवर में 25 रन लुटा डाले। उनकी बॉडी लेंग्वेज से साफ लग रहा था कि वे इस विवाद से उबर नहीं पाए हैं। दो ओवर के बाद युवराज ने उन्हें गेंदबाजी से हटा लिया।