मुंबई. बॉलीवुड के मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान ने सुपरस्टार अमिताभ बच्चन को उत्तरप्रदेश के ‘जुर्म कम’ वाले विज्ञापन पर आड़े हाथों लेते हुए उन्हें मूर्ख सलाहकारों से बचने की सलाह दी है।
अमिताभ ने सलीम की आलोचना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कहकर टाल दिया है। एक लेख में सलीम खान ने ‘यूपी में है दम, क्योंकि जुर्म है यहां कम’ विज्ञापन का उल्लेख करते हुए लिखा, ‘मेरा दिल चाहता है कि अमिताभ से पूछ लूं कि वहां (उत्तरप्रदेश) अब भी अपराध कम हैं या कई गुना बढ़ गया है? सच्चई यह है कि पूरे भारत में अपराध की समस्या समान है।’ एक अखबार में बिग बी के साथ जुड़े जमीन विवाद संबंधी सलीम ने लिखा कि अमिताभ जो काम सवरेत्तम तरीके से कर रहे हैं उन्हें वही करते रहना चाहिए।
सलीम के मुताबिक, ‘जब जमीन उनकी थी ही नहीं तो उन्हें इसे दान देने की सलाह दी गई। जब जमीन का कब्जा मिलता है तो जमीन को वापस लेने की सलाह दी जाती है। ऐसे सलाहकारों को मैं मूर्ख कहूंगा और अमिताभ को ऐसे लोगों से बचना चाहिए।’तारीफों के पुल भी
सलीम ने लेख में अमिताभ की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें महानायक भी बताया। उन्होंने लिखा, ‘अमिताभ एक बड़े एवं महान अभिनेता है। मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि दिलीप कुमार या अमिताभ बच्चन जैसे दर्जनभर अभिनेता भी नहीं होंगे।’
मैं अपवाद नहीं :
आगामी फिल्म ‘भूतनाथ’ के सिलसिले में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अपनी आलोचना को लेकर अमिताभ ने कहा कि मशहूर हस्तियों को आलोचनाओं का निशाना बनाया जाना कोई नई बात नहीं है और वे खुद भी इसके अपवाद नहीं हैं। लोकतंत्र में सभी को अपने विचार व्यक्त करने का हक है।