अहमदाबादएलएलबी के पेपर में नकल करते पकड़ाए आईपीएस अधिकारी की पहचान गुजरात विश्वविद्यालय ने रविवार को सार्वजनिक कर दिए। विवि प्रशासन ने बताया कि गांधीनगर के सिद्धार्थ लॉ कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केन्द्र में गुरुवार को पकड़े गए तीन नकलचियों में से एक आईपीएस अधिकारी रजनीश राय भी शामिल हैं। प्रशासन ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
राय फिलहाल राज्य अपराध अन्वेषण ब्यूरो में डीआईजी हैं। सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड़ मामले में आरोपी पूर्व डीजीपी डीजी वंजारा व अन्य आला अधिकारियों को गिरफ्तार कर राय खासे चर्चित रहे थे।
अब क्या होगा ?
विवि के परीक्षा निदेशक डॉ. जितेन्द्र लीलाणी ने ‘भास्कर’ को बताया कि रजनीश राय (रोल नंबर 2065) सहित नकल करते पकड़े गए तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अपराध साबित होने पर इनका रिजल्ट रद्द करने या एक सेमिस्टर तक प्रतिबंध लगाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल मामला विवि की परीक्षा शुद्धि समिति को सौंपा दिया गया है।