इंदौर. संविदनगर, कनाड़िया रोड पर रविवार दोपहर अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वाले इंजन ऑइल विक्रेता की दुकान में आग लग गई। रहवासियों ने किसी तरह आग बुझा दी वर्ना बड़ा हादसा हो जाता।
संविदनगर मेन रोड पर नाहर नर्सिग होम के पास दोमंजिला मकान में भंवरलाल प्रजापत की ऑइल की दुकान है। ऊपरी हिस्से में निवास है। इस मकान में भंवरलाल ऑइल बेचने के साथ ही अटाला और रद्दी का धंधा भी करते हैं। हॉकर से दुकान में घासलेट का स्टॉक रहता है।
प्रत्यक्षदर्शी प्रीतम देवनाथ ने बताया दोपहर साढ़े 12 बजे दुकान के सामने आग लग गई। उसके बाद देखते ही देखते पेट्रोल ने आग पकड़ ली और दूसरे सामानों को भी चपेट में ले लिया। रिक्शा चालक राजेश पाल ने बताया इस दुकान पर अवैध रूप से पट्रोल बेचा जाता है। इधर, भंवरलाल प्रजापत के फोन पर करीब पांच बार संपर्क किया लेकिन कोई जबाव नहीं दिया गया।
एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
दुकान के पास ही मेडिकल स्टोर चलाने वाले अपूर्व शुक्ला ने बताया उन्होंने करीब 12.30 बजे फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी लेकिन दमकलकर्मी एक बजे के बाद आया, तब तक रहवासियों ने आग पर काबू पा लिया।
श्री शुक्ला ने बताया हादसे के दौरान यहां से गुजर रहे पानी के टैंकर को रोका जिससे आग बुझाई जा सकी। आग बुझने के बाद ही दमकलकर्मी पहुंचे। लोगों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड वालों ने उनसे र्दुव्यवहार किया। आशीष शर्मा ने बताया आग बुझाने के दौरान उनके साथ करीब चार झुलस गए।
करीब एक घंटे बाद निकला कुत्ता सलामत
आग की लपटों से करीब एक घंटे घिरे रहने के बावजूद पालतू कुत्ता अचानक बाहर आया। इस पर लोगों को काफी आश्चर्य हुआ।
ब्लैक नहीं हो रहा- खाद्य नियंत्रक
खाद्य नियंत्रक एच.एस. परमार शहर में किसी ऑइल या किराने की दुकान में पेट्रोल ब्लैक हो रहा है।
कचरे से दुकान में आग
रविवार सुबह 8 बजे आरएनटी मार्ग के वसंत मेंशन के पास की गली में कचरे में लगी आग विवेक पिता वीरेंद्र जैन की बायो फर्टिलाइजर्स शॉप तक पहुंच गई जिससे थोड़ी देर में पूरी दुकान चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फायर ब्रिगेड कुछ ही देर में पहुंची लेकिन गाड़ी में कुछ तकनीकी खराबी आने से पानी नहीं निकल सका। फिर दूसरी गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
उधर, दोपहर 1.30 बजे सपना-संगीता रोड स्थित श्रीराम चेंबर में परवेश पिता रमेश सिंगल की दुकान में लगी आग से लकड़ी का फर्नीचर चपेट में आ गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड ने एक टैंक पानी से आग बुझाई।