इंदौर. तीन दिन से चढ़ रहा पारा रविवार को एक डिग्री गिरा और दिनभर 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चलती रही लेकिन गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान सुकून देने वाला है। वैज्ञानिक गणना के मुताबिक बुधवार तक पारा 40-41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और गुरुवार को 37 डिग्री तक पहुंच जाएगा। ऐसा दक्षिण और पश्चिम में कम दबाव के क्षेत्र बनने से हो सकता है।
जमकर सता रही गर्मी ही शहर में चर्चा का केंद्र भी बनी हुई है। इसने लोगों की दिनचर्या ही बदल दी है। सब्जी लाने जैसे जरूरी काम भी सुबह नौ बजे से पहले या शाम को किए जा रहे हैं। कॉलेज, दफ्तर या दुकान जाने की मजबूरी में ही लोग सुबह दस बजे या बाद में घरों से निकलते हैं। वे भी इतने हलाकान हो जाते हैं कि एक बार ठिकाने पर पहुंचे तो दिनभर नहीं निकलते।
तेज गर्मी के कारण ही हमेशा व्यस्त रहने वाला एमजी रोड, जवाहर मार्ग, यशवंत निवास रोड जैसी सड़कें और राजबाड़ा या मालवा मिल जैसे चौराहे भी 12 बजते-बजते सूने होने लगते हैं। दोपहर एक से तीन बजे तक तो कई बार निर्जन हो जाते हैं। क्लॉथ मार्केट, सराफा, मारोठिया, बर्तन बाजार जैसे मुख्य बाजारों में भी ग्राहक दोपहर में नजर नहीं आते। शाम पांच बजे बाद ही हलचल होती है जो रात साढ़े 10-11 बजे तक बनी रहती है।
धूप में तपने को मजबूर हुए पालक
रविवार को बच्चों को एआईईईई दिलाने पहुंचे सैकड़ों पालक धूप में तपने को मजबूर हुए। ज्यादातर परीक्षा केंद्रों (स्कूलों) में उन्हें बैठाने का कोई इंतजाम नहीं था। मजबूरी में आसपास भटकना पड़ा। ये पालक कभी ठेलों पर शीतल पेय से प्यास बुझाते तो कभी छाया की तलाश में परेशान होते दिखे।