bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

पत्नी से छेड़खानी करने वाले को मार डाला

बिलासपुर. विवाहित महिला से आए दिन छेड़खानी करने वाले व्यक्ति की उसके पति ने पिटाई कर दी। घायल व्यक्ति को सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। बाद में महिला के पति ने खुद ही थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।

कोनी पुलिस के अनुसार छोटी कोनी निवासी 35 वर्षीय बालाराम गोंड़ गांव के ही बिरझू लोधी की पत्नी को काफी समय से तंग करता था। वह आते-जाते समय उस पर फब्तियां कसता था और उसके साथ छेड़खानी करता था। बिरझू ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं माना। गांव के बुजुर्गो ने भी उसे समझाया, फिर भी उसने छेड़खानी करना बंद नहीं किया।

रविवार की सुबह लगभग 7 बजे बालाराम उसके घर के सामने आकर बैठ गया। तभी बिरझू घर के बाहर निकला। उसने घर के सामने बैठा देखकर उसे चले जाने के लिए कहा। इस पर वह बहस करने लगा और कहा कि वह सड़क पर बैठा है और सड़क किसी की निजी संपत्ति नहीं है। इस बात पर बिरझू को गुस्सा आ गया। वह घर के भीतर गया और लाठी निकालकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इससे वह घायल हो गया। मारपीट में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी।

उसे सिम्स में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने बिरझू के खिलाफ धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर लिया। इलाज के दौरान घायल ने सिम्स में दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। इधर बिरझू ने खुद ही कोनी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: