नई दिल्ली. केंद्रीय मंत्री टीआर बालू द्वारा अपने प्रभाव का कथित रूप से गलत इस्तेमाल करने के मामले में सोमवार को एनडीए ने लोकसभा से वॉकआउट किया। लोस अध्यक्ष ने सांसदों के व्यवहार को अभद्र बताते हुए इसका सीधा प्रसारण रोकने के भी निर्देश दिए।
एनडीए ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रभाव का केंद्रीय मंत्री टीआर बालू ने गलत इस्तेमाल किया और आठ शब्द लिखवाकर अपना उल्लू सीधा किया। इस मुद्दे पर एनडीए ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से सदन में बयान देने की मांग की।
एनडीए ने प्रधानमंत्री के बयान की मांग के साथ ही प्रश्नकाल के स्थगन की भी मांग की और जोरदार हंगामा करने के बाद सदन से वॉकआउट कर लिया।
इससे पहले विपक्ष के हंगामे को रोकने की लगातार कोशिश के दौरान लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने नाराजगी जताते हुए सांसदों को मर्यादित व्यवहार का पाठ पढ़ाया लेकिन हंगामा जारी रहने पर पहले उन्होंने सांसदों की तुलना चीयरलीडर्स से की और फिर निर्देश दिया कि सदन में लगे कैमरे बंद किए जाएं ताकि इस अफसोसनाक व्यवहार का सीधा प्रसारण न हो। हालांकि कुछ ही देर में कैमरे फिर चालू कर दिए गए।