जयपुर. जयपुर निवासी देवजीत साहा ने मुंबई से जयपुर की यात्रा मोटरसाइकिल पर ट्रेन से पहले पहुंचकर पूरी करने का दावा किया है। जयपुर रेलवे स्टेशन के समक्ष एयरबोर्न राइडर के टीम लीडर अभिषेक सिंह एवं उसके साथियों ने देवजीत का जयपुर पहुंचने पर स्वागत किया।
देवजीत के अनुसार वह मुंबई के बांद्रा स्टेशन से जयपुर-बांद्रा अरावली एक्सप्रेस के साथ शनिवार रात 9 बजे बाइक से रवाना हुआ। उसे बाइक गुरु दिलीप बाम ने झंडी दिखाकर रवाना किया। वह अरावली एक्सप्रेस के निर्धारित समय शाम 6:45 से आधा घंटे पहले जयपुर पहुंचा। ट्रेन निर्धारित समय से 2 घंटे लेट थी।
सफर में देवजीत के साथ उसका भाई, बाइक गुरु एवं कॉलेज के 4 साथी भी थे। ये लोग अलग गाड़ी में उसके साथ रवाना हुए। देवजीत ने बताया कि उसने यात्रा के दौरान कहीं भी विश्राम नहीं किया। रास्ते में वह तीन जगह पेट्रोल के लिए रुका।
वह चाय पीकर तुरंत रवाना हो जाता था। उसे रास्ते में अहमदाबाद और सूरत में ट्रैफिक समस्या का सामना भी करना पड़ा। इससे वह दोनों जगह ट्रेन से आधा घंटे बाद पहुंचा। देवजीत ने जयपुर पहुंचने पर रेलमंत्री को संदेश दिया है कि एक मोटरसाइकिल रेल को पीछे छोड़ सकती है तो रेलमंत्री को रेलवे में सुधार कर गाड़ियों की स्पीड बढ़ानी चाहिए।