bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

भज्जी को पड़ा तीन करोड़ का ‘थप्पड़’

नई दिल्ली.हरभजन सिंह विश्व के जाने-माने ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को तेज गेंदबाज एस श्रीसंथ को थप्पड़ मारना इतना महंगा पड़ा कि उन्हें आईपीएल के 11 मैचों का न केवल प्रतिबंध झेलना पड़ा है, बल्कि मुंबई इंडियंस से मिलने वाले करोड़ों रुपए से भी उन्हें हाथ धोना पड़ा है। भज्जी को 3 करोड़ 40 लाख रु. में अनुबंधित किया गया था। विश्व क्रिकेट में भज्जी पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने मैदान में थप्पड़ मारने की जुर्रत की है। भज्जी के गलती कबूलने के बाद मैच रेफरी फारुख इंजीनियर ने उन्हें सजा सुनाई। सुनवाई के दौरान आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी और हरभजन सिंह व श्रीसंथ भी मौजूद थे।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर को चोट लगी होने के कारण आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हरभजन ने 25 अप्रैल को मोहाली में खेले गए मैच के बाद किंग्स इलेवन पंजाब के श्रीसंथ को मैदान में ही थप्पड़ मारा था। श्रीसंथ के फूट-फूट कर रोने के कारण मामला तूल पकड़ता गया।

फैसला ये सुनाया : मैच रेफरी ने फैसला सुनाया कि हरभजन को टूर्नामेंट में खेले अपने सिर्फ शुरुआती दो मैचों की फीस मिलेगी। तीसरे मैच की पूरी फीस काटी जाएगी तथा शेष मैचों की फीस मिलने का सवाल ही नहीं उठता है।

राजपूत भी आए लपेटे में : मुंबई इंडियंस के कोच लालचंद राजपूत पर भी अपने खिलाड़ी को संभालने में नाकाम रहने और बाद में भी भज्जी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के कारण उन पर मोहाली मैच की 50 प्रतिशत फीस का जुर्माना किया गया।

लेवल-4.2 के तहत लिया फैसला
आईपीएल ने आईसीसी के नियमों का पालन करते हुए फैसला लिया। भज्जी पर लेवल 4.2 का चार्ज लगाया गया, जिसमें किसी खिलाड़ी के साथ बेबजह मारपीट, मैच अधिकारी से मारपीट या दर्शकों के साथ मारपीट होने पर सजा देने का प्रावधान है। इसके तहत 5 टेस्ट मैचों, 10 वनडे मैचों व आजीवन प्रतिबंध का भी प्रावधान है। आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी ने कहा कि भज्जी को तो सजा सुनाई गई लेकिन एस.श्रीसंथ को भी उनके आचरण में सुधार करने की चेतावनी दी गई है। उनसे कहा गया कि मैदानी उत्तेजना पर नियंत्रण रखें, वरना परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

ये था वीडियो फुटेज में
वीडियो फुटेज में जांच अधिकारी फारुख इंजीनियर ने देखा कि मैच के बाद हरभजन जब किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ियों से हाथ मिला रहे थे तो तीसरे क्रम पर खड़े श्रीसंथ से हाथ मिलाने के बजाय उन्होंने थप्पड़ मारा। समीप ही खड़े कोच लालचंद राजपूत ने हरभजन को समझाने के बजाय दूसरे खिलाड़ियों से हाथ मिलाने में व्यस्त हो गए।

ऐसे गए 3 करोड़ रु.
हरभजन सिंह को मुंबई इंडियंस ने लगभग साढ़े तीन करोड़ रु. में अनुबंधित किया था। यदि लीग के 14 मैचों का हिसाब लगाएं तो उन्हें प्रति मैच 24 लाख 28 हजार 571 रु. मिलने थे लेकिन अब उन्हें सिर्फ दो ही मैचों का भुगतान किया जाएगा। इस प्रकार उन्हें लगभग 50 लाख रु. मिलेंगे तथा शेष तीन करोड़ की राशि से उन्हें वंचित रहना होगा।

मैंने गंभीर भूल की: भज्जी
जांच अधिकारी इंजीनियर के सामने अपनी गलती कबूलने के बाद भज्जी ने पत्रकारों के समक्ष भी कहा कि मैंने बड़ी गलती की है लेकिन अब जब मैदान पर लौटूंगा तो विश्वास दिलाता हूं कि कभी ऐसी गलती नहीं होगी। भज्जी ने कहा कि मुझे अपनी किए की सजा मिल चुकी है लेकिन मुझे पता है कि मैं बोर्ड के लिए बच्चे जैसा हूं इसलिए मुझे पूरी उम्मीद है कि मुझे उनका सहयोग मिलता रहेगा।

मैं भी नियंत्रण रखूंगा : श्रीसंथ
तेज गेंदबाज श्रीसंथ ने कहा कि भज्जी का व्यवहार उस समय बहुत खराब लगा था। हम एक-दूसरे से मजाक करते रहते हैं लेकिन पता नहीं क्यों वे नाराज हो गए। मैंने तो सिर्फ उनके हारने पर हार्ड लक कहा था। श्रीसंथ ने यह अवश्य कहा कि अब मुझे मजाक करने की आदत पर नियंत्रण रखना होगा, वरना पता नहीं कौन सी धारा मुझ पर लग जाए।

मामला अभी खत्म नहीं हुआ
हरभजन सिंह को सजा आईपीएल समिति ने सुनाई है। बीसीसीआई अलग से गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध सुधीर नानावटी को जांच अधिकारी नियुक्त कर चुकी है। नानावटी बोर्ड की अनुशासन समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके प्रमुख बोर्ड अध्यक्ष शरद पवार हैं। बोर्ड की अनुशासन समिति अलग से हरभजन के मामले में फैसला लेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: