Manoranjan
Movie Masala Movie Masala नई दिल्ली.
किसी भी तरह के पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद न रहने वाले अभिनेता से निर्देशक बने आमिर खान ने इस बार अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया। पिछले दिनों वह स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के हाथों उनके पिता के नाम पर शुरू किया गया ‘दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार’ लेने उपस्थित थे।
सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर से यह पुरस्कार पाकर खुद को गौरवांवित महसूस कर रहे आमिर ने बताया कि वह खुश हैं कि दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन के बाद इस पुरस्कार से उन्हें सम्मानित किया गया।
जल्दी ही रिलीज होने वाली अपनी अगली फिल्म ‘जाने तू’ में आमिर अपने भांजे इमरान को लांच कर रहे हैं।
‘तारे जमीं पर’ की शूटिंग में व्यस्त आमिर खान इस फिल्म के लिए समय नहीं निकाल पा रहे थे। ऐसे में उन्होंने अपने चचेरे भाई मंसूर खान और जाने-माने कहानीकार अब्बास तायरीवाला को फिल्म की जिम्मेदारी दे दी।
‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’, ‘मकबूल’, और ‘मैं हूं ना’ जसी फिल्मों की कहानी लिख चुके अब्बास तायरीवाला इस फिल्म के जरिए पहली बार निर्देशन में हाथ आजमा रहे हैं। वहीं, ‘कयामत से कयामत तक’ और ‘जो जीता वही सिकंदर’ का निर्माण कार्य संभाल चुके मंसूर खान लंबे समय बाद इस फिल्म के जरिए फिल्म निर्माण में वापसी कर रहे हैं।
‘लगान’ और ‘तारे जमीं पर’ के बाद फिल्म ‘जाने तू’ के जरिए ‘आमिर खान प्रोडक्शन’ तीसरी बार फिल्म निर्माण में हाथ आजमाने को तैयार है।