जोहानिसबर्ग.
हरभजन-श्रीसंथ विवाद के सुर्खियों में आने के बाद दक्षिण अफ्रीका टीम के कोच मिकी आर्थर ने कहा है कि पिछली टेस्ट सीरीज में भी इन दोनों खिलाड़ियों का व्यवहार मैदान पर ठीक नहीं था। मैदान में इन दोनों ही खिलाड़ियों के बर्ताव पर नजर रखी जा रही थी।
एक वेबसाइट से बात करते हुए आर्थर से जब आईपीएल में हुई इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस घटना पर उन्हें कोई आश्चर्य नहीं हुआ।
हरभजन को माफी की आदत:
कानपुर में हुए तीसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज एश्वेल प्रिंस को गाली देने के कारण हरभजन को प्रिंस से माफी मांगनी पड़ी थी। मैच रेफरी रोशन महानामा द्वारा इस मुद्दे की सुनवाई के दौरान हरभजन ने एश्वेल प्रिंस से माफी मांगी थी। आर्थर ने बताया कि इसके बाद ही जाकर यह मसला सुलझ पाया था।
श्रीसंथ भी कम नहीं:
दक्षिण अफ्रीका के कोच मिकी आर्थर के अनुसार श्रीसंथ भी कम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरे पर तेज गेंदबाज श्रीसंथ बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को लगातार गाली देते रहे और यह सब कुछ काफी व्यक्तिगत होता था। इस सीरीज की भावनाओं पर विचार करते हुए ही हमने इसकी शिकायत नहीं की थी।