मुंबई.
इंडियन प्रीमियर लीग से 11 मैचों के लिए प्रतिबंधित मुंबई इंडियंस टीम के प्रमुख खिलाड़ी हरभजन सिंह को शहर में लगे होर्डिंग्स में से हटाने का निर्णय लिया है।
मुंबई इंडियंस टीम से जुड़े एक सूत्र के अनुसार उन होर्डिंग्स को शहर भर से हटाने की प्रक्रिया जारी है, जिसमें टीम के साथ हरभजन मौजूद हैं। ऐसे बहुत से होर्डिंग्स शहर के विभिन्न जगहों से हटाए भी जा चुके हैं। मुंबई इंडियंस टीम के फ्रेंचाइजी स्क्वॉड की वेबसाइट पर जारी टीम लिस्ट से भी हरभजन के नाम को हटा दिया गया है, लेकिन फोटो गैलरी में अभी भी उनका फोटो देखा जा सकता है।
लक्ष्मण रेखा लांघी हरभजन ने
इंडियन प्रीमियर लीग के चेयरमैन ललित मोदी ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए कहा है कि हरभजन सिंह लक्ष्मण रेखा लांघ गए थे। इस वजह से उन पर कार्रवाई करना आवश्यक था। मोदी ने इस बात से इंकार किया कि इस घटना से टूर्नामेंट फीका पड़ जाएगा। मोदी के अनुसार इस घटना से खिलाड़ियों को बहुत कुछ सीखने को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरभजन पर प्रतिबंध लगाने से यह संदेश गया है कि खेल भावना का अनादर करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।