भोपाल. राजधानी में बुधवार और गुरुवार को कई इलाकों में पानी और बिजली की किल्लत रहेगी। शहर के भीतर कोलार पाइप लाइन में 18 बड़े लीकेज हैं। इनसे लगभग 18 लाख लीटर पानी रोजाना फालतू बह जाता है। इनमें से तीन लीकेज बुधवार को सुधारे जाएंगे। कोलार फिल्टर प्लांट से राजधानी तक आने वाली 34 किमी पाइप लाइन अपनी उम्र पूरी कर चुकी है। लाइन में जगह-जगह लीकेज हैं। की जगहों पर लाइन में लगे वाल्व से दिन भर पानी बहता रहता है।
18 लाख लीटर पानी बर्बाद
नगर निगम जलकार्य विभाग के सूत्रों के अनुसार एक दिन में एक लीकेज से लगभग एक लाख लीटर पानी बह जाता है। 18 बड़े लीकेज से लगभग 18 लाख लीटर पानी रोजाना फालतू बह जाता है। इसमें कोलार नगरपालिका क्षेत्र और उसके आगे के हिस्से में व्याप्त लीकेज से बहने वाला पानी शामिल नहीं है।
इतने अधिक लीकेज क्यों?
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कोलार की पाइप लाइन में लगे अधिकतर वाल्व खराब हो गए हैं। चोक हो चुके इन वाल्व से एयर नहीं निकलने से लाइन पर दबाव बढ़ जाता है और यह लीक हो जाती है। इसके अलावा कई जगहों पर पाइप लाइन या तो सड़क के ऊपर आ गई है या महज तीन फीट नीचे दबी हुई है। ऐसी स्थिति में यातायात का दबाव लाइन को फोड़ देता है।
पांच साल तक लीकेज नहीं
एडीबी परियोजना से जुड़े अधिकारियों का दावा है कि जो लीकेज सुधारे जा रहे हैं वहां कम से कम अगले पांच साल तक दोबारा लीकेज नहीं होगा। संबंधित कंपनी एक साल तक तो इनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी लेगी। बताया जाता है कि कंपनी लीकेज सुधारने के साथ वाल्व भी बदल रही है।
आज-कल नहीं आएंगे नल
हबीबगंज रेलवे क्रासिंग,होटल सुरेंद्र विलास और गायत्री मंदिर चौराहा पर लीकेज सुधारने के कारण बुधवार शाम और गुरुवार सुबह कई क्षेत्रों में जलप्रदाय नहीं होगा।
यहां रहेगा संकट
तुलसी नगर, 1100 क्वार्टर्स, अरेरा कालोनी ई-1,ई-2, ई-6, जनता कालोनी, गौतम नगर, सुभाष नगर, अशोका गार्डन, अशोक विहार, साकेत नगर, शक्ति नगर, नारायण नगर, गोविंदपुरा, इंद्रपुरी, सोनागिरी, पीजीबीटी कालेज क्षेत्र, नारियल खेडा़, आरिफ नगर, काजी कैंप, चांदबड़, बाल विहार आदि।