जयपुर: दिन का तापमान बढ़ने से पूरा प्रदेश लू की चपेट में आ गया है, जिससे समूचा जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है। सरकारी स्कूलों में समय घटाकर सुबह 10 बजे तक तो कर दिया है लेकिन घर आते-आते वही 12 बज जाते हैं और जमानेभर की धूप सिर पर आ जाती है। मंगलवार को चूरू में दिन का तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच जाने से दिनभर गर्म हवाओं के थपेड़े लगते रहे।
अस्पतालों में लू की चपेट में आए लोगों की संख्या अचानक दुगुनी हो गई है। जयपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, कोटा, जैसलमेर में पारा बढ़ने से सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। राजधानी में भी लगातार पारा बढ़ने से मंगलवार को झुलसाने वाली गर्मी रही तथा दोपहर बाद तेज लू चली।
चूरू व धौलपुर में दिन का तापमान 44.9 डिग्री होने से तेज लू चली। यहां देर रात तक भी लोगों को लू का अहसास होता रहा। शहर सुबह दस बजे ही सूने हो गए थे। दोपहर तक सड़कों पर वाहनों की संख्या नहीं के बराबर हो गई। बीकानेर व श्रीगंगानगर में पारा 43.3 व 43.5 डिग्री रहा। आसमान से बरस रही आग ने मारवाड़ के जनजीवन को बुरी तरह से झकझोर दिया है। जोधपुर में पारा मंगलवार को भी ऊंचाई की ओर बढ़ता नजर आया।
अस्पतालों में गर्मी जनित रोगियों की तादाद बढ़ने लगी है। बांसवाड़ा व उदयपुर जिले में सोमवार के मुकाबले मंगलवार को दिन-रात के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि पारा लुढ़कने का असर जनजीवन पर नजर नहीं आया।
अजमेर में भी तीखी गर्मी का प्रकोप रहा। यहां सुबह वातावरण में ठंडक रही। छितराए हल्के बादलों के कारण गर्मी का असर कम रहा, लेकिन जैसे ही सूरज निकला, धूप तीखी हो गई। दोपहर होते-होते गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया।