HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

भोपाल में फिर होगा उबेदुल्ला खां गोल्डकप

भोपाल. भारतीय हॉकी फेडरेशन के भंग होने से राजधानी के हॉकी प्रेमियों को एक और खुशखबरी मिली है। वह यह कि फेडरेशन के निवृत्तमान अध्यक्ष केपीएस गिल के कार्यकाल में राजधानी के प्रतिष्ठित उबेदुल्ला खां हाकी गोल्ड कप पर लगाई गई रोक हटने वाली है। ऐसा होने के साथ ही बीते सात साल से रुका यह आयोजन हो सकेगा। हॉकी की नर्सरी में इस खेल को बदनाम करने वाले फेडरेशन के भंग होने से यूं ही खुशी का माहौल है।

इसमें और इजाफा उस समय हुआ जब फेडरेशन की तदर्थ समिति के अध्यक्ष असलम शेर खान ने मंगलवार को नईदिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ अध्यक्ष सुरेश कलमाडी से मुलाकात कर उनके सामने उबेदुल्ला गोल्ड कप का मामला उठाया। बताया गया है कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी से अवगत होने के बाद श्री कलमाड़ी ने दोबारा यह आयोजन शुरू करने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दी।

नहीं है आसान: हालांकि असलम शेर खान अपने स्तर पर उबेदुल्ला कप के आयोजन की मंजूरी पा चुके हैं, लेकिन यह आयोजन दोबारा कराना आसान नहीं रहेगा। वजह यह कि राजधानी के ऐशबाग स्टेडियम की एस्ट्रो टर्फ जगह-जगह से फट चुकी है। वहीं असलम शेर खान की जिद है कि ऐशबाग में ही उबेदुल्ला खां गोल्डकप आयोजित किया जाए।

ऐसे हैं हालात: गौरतलब है कि आठ माह पहले भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर हुई खेल पंचायत में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ऐशबाग में एस्ट्रो टर्फ लगाने की घोषणा की थी। अब तक यहां एस्ट्रो टर्फ लगाने के लिए एक इंच भी काम नहीं हुआ।

ऐसे होंगे हालात!: उधर दैनिक भास्कर से फोन पर हुई बातचीत में श्री खान ने एस्ट्रो टर्फ की जर्जर हालत को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि सीएम की घोषणा थी, वे अगर पूरा नहीं कर पाएं तो हमारा क्या कुसूर? फटी एस्ट्रो टर्फ पर ही खिलाड़ी खेलेंगे।

यह भी कहा

श्री खान ने श्री कलमाडी से हुई करीब दो घंटे की चर्चा को सकारात्मक बताते हुए कहा कि श्री गिल के कार्यकाल में भंग सभी हाकी संघों की बहाली होगी। जहां चुनाव होना है, वहां चुनाव कराएं जाएंगें। ताकि हाकी का विकास हो सकें। भोपाल में हाकी क्लबों और खिलाड़ियों के बीच गुटबाजी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी को हाकी के हक में एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कोशिश सभी को साथ लेकर चलने की है।

देश में हाकी का माहौल बनाने के लिए आईएचएफ को दिए गए अपने एक पुराने प्रस्ताव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब अंतर राज्यीय पांच जोन बनाकर अलग-अलग टूर्नामेंट कराए जाएंगें। इससे खिलाड़ियों के चयन में सुविधा होगी साथ ही खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। जूनियर लेवल पर अलग से ट्रायल कैंप लगाएंगें ताकि नवोदित प्रतिभा से साक्षात्कार हो सके। मलेशिया में होने वाले हाकी टूर्नामेंट में टीम भेजने के सवाल पर श्री खान ने कहा कि इसके लिए आगामी दिनों में कार्रवाई होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: