भोपाल.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत उनकी समूची कैबिनेट समेत प्रदेश भाजपा केंद्र सरकार के कथित राज्य विरोधी रवैए पर बुधवार को एक दिन का उपवास करेगी। मुख्यमंत्री राजधानी के रोशनपुरा चौराहा पर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर सीधी में सुबह 11 बजे से 24 घंटे के उपवास पर बैठेंगे। भाजपा ने केंद्र सरकार के प्रदेश के जनहित विरोधी निर्णयों के कारण मंत्रिपरिषद के सदस्य व भाजपा के पदाधिकारी जिलों में जनता के साथ उपवास पर बैठने के निर्देश दिए हैं।
सूखा प्रभावित बुंदेलखंड को राहत नहीं देना, संकट बढ़ाने प्रदेश के हिस्से की बिजली और कोयला में कटौती करना, राज्य के गरीबों को दिया जाने वाले राशन के गेहूं - चावल कोटा में भी कम करना उपवास के खास मुद्दे हैं। इस तरह भाजपा ने उपवास के बहाने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।कैबिनेट और संगठन की तरफ से बाबूलाल गौर राजगढ़, राघवजी भाई रायसेन, हिम्मत कोठारी रतलाम, कैलाश विजयवर्गीय इंदौर, गोपाल भार्गव सागर, जयंत मलैया दमोह, कुसुम मेहदेले पन्ना, अजय विश्नोई जबलपुर, कमल पटेल बैतूल, रमाकांत तिवारी उमरिया, नागेंद्र सिंह सतना, करण सिंह वर्मा सीहोर, लक्ष्मीकांत शर्मा विदिशा, नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर, अनूप मिश्रा शिवपुरी, प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष अनिल माधव दवे रीवा, जयभान सिंह पवैया गुना, विजेंद्र सिंह सिसोदिया शाजापुर, उमाशंकर गुप्ता बुरहानपुर, भूपेंद्र सिंह बालाघाट, अजयप्रताप सिंह शहडोल और रामलाल रौतेल अनूपपुर कार्यकर्ताओं के साथ उपवास पर बैठेंगे।