डीग (भरतपुर): डीग व कामां में स्थित 104 खानों के पट्टे मंगलवार को खनिज विभाग के उपशासन सचिव एनपी शर्मा ने निरस्त कर दिए हैं। यह कार्रवाई पूर्व में 78 खानों के पट्टों पर हो चुकी है। इस तरह ब्रजक्षेत्र की सभी 182 खानों के पट्टे निरस्त कर दिए गए हैं। ये खानें बुधवार को पट्टेधारियों के कब्जे में रहेंगी। खनिज विभाग एक मई से इन खानों को अपने कब्जे में लेना शुरू कर देगा।
पहले उन 78 खानों को कब्जे में लिया जाएगा, जिनके पट्टे 16 अप्रैल को निरस्त किए गए थे। साथ ही जिन 104 खानों के पट्टे मंगलवार को निरस्त किए गए हैं, उनके संचालकों को विभाग 30 अप्रैल से निरस्ती पत्र देगा।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 8 फरवरी को खानों को शो कॉज नोटिस जारी किए थे, जिसमें कहा गया था कि खानों से ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को पौराणिक व पर्यावरण का संकट हो रहा है। इसका खनन व्यवसाइयों ने विरोध किया और हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश किया। इस पर न्यायालय ने निर्णय दिया था कि जब तक सुनवाई पूरी नहीं होती, तब तक खनिज विभाग संचालकों को रवन्ने जारी करेगा।
आज होंगे निरस्ती पत्र तामील : विभाग के एसएमई मीणा ने बताया कि 104 खानों के निरस्ती पत्र 30 अप्रैल को तामील करा दिए जाएंगे और खनन पर रोक लगा दी जाएगी।