जयपुर: राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनएचआरएम) के तहत संविदा के आधार पर नियुक्त होने वाले डॉक्टरों को फार्मासिस्ट और एमबीए करने वालों से भी कम वेतन मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के उद्देश्य से इस मिशन के तहत अगले कुछ ही दिनों में राज्य में लगभग 7 हजार पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इनमें नर्सेज, डॉक्टर, तकनीकी सहायक व कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस मिशन के तहत डॉक्टरों का वेतन 8 हजार रुपए प्रतिमाह होगा, जबकि फार्मासिस्ट के लिए 10 हजार व ब्लॉक प्रोग्रामिंग ऑफिसर (योग्यता एमबीए) के लिए 15 हजार रुपए वेतन का प्रावधान रखा गया है। नर्सेज का वेतन 4500 रु., जबकि कंप्यूटर ऑपरेटरों को 6000 रुपए मिलेंगे।
राज्य के सभी 1503 प्राथमिक और 349 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दो-दो जीएनएम (नर्स ग्रेड 2), ड्रग वेयर हाउस पर 500 फार्मासिस्ट, 450 कंप्यूटर ऑपरेटर, 250 डॉक्टरों (एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक व यूनानी) की भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही 250 नर्सेज, 237 ब्लॉक प्रोग्रामिंग ऑफिसर, 45 विशेषज्ञ डॉक्टर, 725 तकनीकी सहायक,156 जीएनएम (नर्स ग्रेड 2), 312 फैमिली बेस्ड न्यूबोर्न केयर की नियुक्ति की जाएगी। इन सभी पदों की भर्ती के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले चरण में करीब 4 हजार नर्सेज की भर्ती शीघ्र की जाने वाली है।