News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. कांग्रेस महासचिव व सांसद राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत को चुनाव से पहले अपने मैदानी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और यूपीए सरकार की योजनाओं को गांव-कस्बों तक प्रचारित करने के लिए कहा है। हर बूथ के लिए 10-10 कार्यकर्ताओं की टीम भी तैयार की जाएगी।
पीसीसी अध्यक्ष चरणदास महंत ने आज कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्षों और दिल्ली से प्रशिक्षण लेकर आए 75 युवाओं की मैराथन बैठक लेकर राहुल गांधी की मंशा से अवगत कराया। श्री महंत ने संकेत दिया कि अबकी बार कांग्रेस विधानसभा चुनाव में युवाओं पर ही दांव लगाएगी। उन्होंने युवाओं से चुनाव लड़ने और लड़ाने तैयार रहने का आव्हान किया और कहा कि उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। युवाओं को ही सत्ता में पार्टी की वापसी तय करना है। बैठक में चुनाव के मुद्दे और चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। श्री महंत ने कहा कि राहुल गांधी के अनुशासित सिद्धांत को अपनाते हुए सेवाभाव से काम करना होगा तभी प्रदेश को भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी।
हर ब्लाक में प्रशिक्षण
दिल्ली से प्रदेश कांग्रेस के 75 युवा प्रशिक्षण लेकर आए हैं। अब वे 146 ब्लाकों में जाकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण दल के समन्वयक घनश्याम राजू तिवारी ने बताया कि कार्यकर्ताओं को बौद्धिक विकास के साथ चुनाव के लिए भी तैयार किया जाएगा। हर बूथ के लिए 10-10 युवा कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी। प्रशिक्षित कार्यकर्ता गांव व कस्बों में जाकर यूपीए सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगे और प्रदेश की भाजपा सरकार की नाकामियों व घोटाले को उजागर करेंगे। बैठक में पीसीसी के महामंत्री सुभाष शर्मा, संजय पाठक, गोपाल थवाइत, समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
संगठन खेमा गदगद
राहुल गांधी के प्रवास के दौरान मिले रिस्पांस से संगठन खेमा गदगद है। राहुल ने पूरे प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष चरणदास महंत को अपने साथ रखा। बस्तर में कुछ मिनट के लिए उन्होंने कांग्रेसियों को संबोधित किया तो मंच पर उनके अलावा वी नारायण सामी और श्री महंत ही बैठे। राज्य के बाकी दिग्गज नेता मंच पर ही नहीं गए। इसे संगठन खेमा अच्छा संकेत मान रहा है। इस समूचे घटनाक्रम को आने वाले चुनाव तथा टिकट वितरण से भी जोड़ा जाने लगा है।