HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

बारूदी सुरंग विस्फोट में प्लाटून कमांडर शहीद

नारायणपुर. जंगल में गश्त के बाद कैंप लौट रही पुलिस पार्टी मंगलवार दोपहर 2 बजे नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग की चपेट में आ गई। जबर्दस्त विस्फोट में एक प्लाटून कमांडर टीसी तिग्गा की मौत हो गई और दो जवान घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गौतम को हेलिकाप्टर से रायपुर भेजा गया है।

मंगलवार को राज्यपाल नारायणपुर प्रवास पर थे। इस वजह से शहर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। जंगल में सर्च कर रही पुलिस पार्टी को दोपहर 2 बजे वापस कुकड़ाझोर कैंप लौटने का आदेश दिया गया। एसपी अजय यादव ने बताया कि 30-40 जवानों की टीम को यहां से करीब 6 किमी दूर ग्राम बाकुलबाही के पास जमीन से निकला तार दिखा। बारूदी सुरंग के शक में पुलिस पार्टी ने तार को बाहर निकाल लिया।

तभी जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट से प्लाटून कमांडर तिग्गा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रधान आरक्षक गौतम और आरक्षक जीतेंद्र पटेल घायल हो गए। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 11वीं बटालियन में पदस्थ 51 साल के तिग्गा जशपुर के रहने वाले थे। जीतेंद्र को ज्यादा चोट नहीं आई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सूत्रों को शक है कि नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को फंसाने के लिए तार को चारे की तरह इस्तेमाल किया। घटनास्थल पर मौजूद एक जवान ने बताया कि नक्सलियों ने 25 किलो से भी ज्यादा का विस्फोटक इस्तेमाल किया था। विस्फोट की जगह पर बड़ा गड्ढा हो गया है। एसपी का कहना है कि विस्फोट कैसे हुआ, इसकी जांच के लिए जगदलपुर से फोरेंसिक डिपार्टमेंट की टीम को बुधवार को बुलाया गया है। गौरतलब है कि बाकुलबाही के पास ही कुछ साल पहले नक्सली हमले में एएसपी भास्कर दीवान समेत 21 लोग शहीद हो गए थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: