News
Chhattisgarh
Raipur Raipur बिलासपुर.
बिलासपुर में जन्मदिन मनाने के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कोई राजनीतिक वजह या शक्ति प्रदर्शन की मंशा से साफ इनकार किया है। उन्होंने इसे यहां के नेताओं की मंशा पर आयोजित कार्यक्रम बताते हुए यह भी जोड़ा कि अपने घर में कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं किया जाता।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री जोगी ने कहा कि पिछले 62 सालों में उन्हें क्षेत्र और प्रदेश की जनता से जो प्यार मिला, उससे वे कभी ऋणमुक्त नहीं हो सकते। उनकी इच्छा है कि बिलासपुर को प्रदेश का आदर्श शहर बनाया जाए, जिसकी पूरे देश में अलग पहचान बने। राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के असर के संबंध में उन्होंने कहा कि इससे सिर्फ आदिवासी क्षेत्र ही नहीं पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं और लोगों में जोश है। खासतौर पर नौजवान खासे उत्साहित हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा-यह गलत है कि राहुल जहां भी गए कांग्रेस हारी है। हिमाचल प्रदेश में हमेशा सत्ता परिवर्तन होते रहा है। उत्तरप्रदेश व बिहार की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
गुजरात में व्यक्ति के तौर पर नरेंद्र मोदी उभरे और गुजरात गौरव व सांप्रदायिक कार्ड के सहारे सफल हो गए। वहां इसकी काट पार्टी नहीं खोज पाई। महंगाई पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के आरोपों पर उन्होंने कहा कि श्री प्रसाद कानून के अच्छे ज्ञाता हैं। उन्हें पता होगा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दिए गए दिशा-निर्देशों में महंगाई रोकने के पूरे अधिकार राज्य शासन को दिए गए हैं।
भाजपा शासित राज्यों में कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कोई कार्रवाई न होने से महंगाई बढ़ रही है। कांग्रेस ने महाराष्ट्र और अन्य जगहों पर छापा मारकर हजारों करोड़ रुपए की खाद्य सामग्री जब्त की है। यहां पर मुनाफाखोरों को छत्तीसगढ़ सरकार ने खुली छूट दे रखी है। ऐसे में महंगाई कहां से कम होगी। आरोप लगाने के बजाय प्रदेश सरकार इस दिशा में कुछ करके बताए।
आलाकमान अनुमति दे तो लड़ूंगा
श्री जोगी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर हाईकमान से अनुमति मिली, तो वे मुख्यमंत्री रमनसिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार हैं। इसके पहले उन्हें विद्याचरण शुक्ल के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए टिकट मिला था। इस बार भी वे हाईकमान के निर्देशों के अनुसार काम करेंगे।
गुटबाजी तो है..
श्री जोगी ने कहा कि भाजपा के लोगों द्वारा कांग्रेस के संदर्भ दो तरह के दुष्प्रचार किए जाते हैं। एक तो अंदरूनी लड़ाई की बात की जाती है। वे बताएं कि देश और प्रदेश में उनकी पार्टी में कितनी एकता है। कांग्रेस बड़ी पार्टी है। राष्ट्रीय स्तर पर उसका एक ही नेता है, लेकिन प्रदेश स्तर पर एक ही नेता तो नहीं हो सकता। जब पार्टी की बात आती है, तो सभी लोग एक हैं और रहेंगे। दूसरे कार्यकारिणी न होने के संबंध में अफवाह फैलाई जाती है, जबकि कार्यकारिणी काम कर रही है और हम सब उसके एक अंग हैं।
सुराज नहीं कुराज
एक सवाल के जवाब में श्री जोगी ने कहा कि यह ग्राम सुराज नहीं बल्कि कुराज है। जनता प्रदेश सरकार से इतनी नाराज है कि अभियान में निकले लोगों को कहीं पीटा जा रहा है, कहीं घेराव किया जा रहा है या बंधक बनाया जा रहा है। चुनावी वर्ष में इस सरकार को अच्छा सबक मिल रहा है।