News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जिला बोर्ड द्वारा आयोजित पांचवीं एवं आठवीं परीक्षा का परिणाम बुधवार को जारी किया जाएगा। परीक्षा में जिले से कुल 95 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम जिला शिक्षा कार्यालय से सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा। पांचवीं एवं आठवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम के साथ ही विभिन्न परीक्षा परिणामों के जारी होने का सिलसिला बुधवार से प्रारंभ हो जाएगा।
जिले से पांचवीं कक्षा में 50 हजार एवं आठवीं में 45 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम जारी होने की सूचना लगभग सभी परीक्षार्थियों को है, जिससे पढ़ने वाले छात्रों में खुशी तो कमजोर छात्रों में परीक्षाफल को लेकर थोड़ी चिंता व्याप्त है। आठवीं के छात्र रजत आशीष पटेल का कहना है कि पेपर अच्छा बना है, जिससे रिजल्ट ठीक ही आएगा। इसके विपरीत इनके भाई पटेल ने कहा कि उनका पेपर अच्छा बनने के बाद भी उन्हें डर लग रहा है, क्योंकि रिजल्ट आने की सूचना ही छात्रों को डरा देती है। छात्रा अंजली साहू ने कहा कि वे अपनी मम्मी के साथ बस स्टैण्ड स्थित हनुमान मंदिर गई थीं, जिससे बुधवार को निकलने वाला रिजल्ट अच्छा आए। अच्छे रिजल्ट की आस में छात्रों ने मंगलवार को मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की।
होम एक्जाम के रिजल्ट भी आज
जिला बोर्ड के साथ ही स्कूलों में होम एक्जाम के रिजल्ट भी बुधवार को जारी होंेगे। इसके तहत पहली से नवमी एवं ग्यारहवीं के परिणाम घोषित किए जाएंगे। रिजल्ट लेने स्कूल जाने के लिए कुछ छात्रों ने अपने मित्र या अभिभावकों को तैयार कर लिया है।
शुरू हो जाएगा एडमिशन का सिलसिला
जिला बोर्ड एवं होम एक्जाम के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद विभिन्न कारणों के चलते अभिभावकों द्वारा बच्चों का स्कूल परिवर्तन कर दिया जाता है। बुधवार को रिजल्ट जारी होते ही स्कूलों में एडमिशन का सिलसिला प्रारंभ हो जाएगा। निजी स्कूलों द्वारा नए छात्रों को प्रवेश देने से पहले ली जाने वाली परीक्षा भी अब प्रारंभ हो जाएगी।