HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

सवा करोड़ की सौगात लेकर उतरे ‘सरकार’

बिलासपुर.b ग्राम सुराज अभियान के दौरान आज ‘सरकार’ के कदम पड़ते ही ग्राम लोहर्सी के ‘भाग’ खुल गए। पिछले आठ दिनों से बाट जोह रहे अफसरों का इंतजार खत्म हुआ और मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का उड़नखटोला मस्तूरी इलाके के इस गांव में उतरा। तालाब किनारे चौपाल लगाकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और करीब सवा करोड़ के विकास कार्यो की घोषणा की।

सुराज अभियान शुरू होने के बाद से ही मुख्यमंत्री के औचक दौरे को लेकर प्रशासनिक हलके में कयास लगाए जा रहे थे। अभियान खत्म होने से एक दिन पहले आज सीएम का हैलीकाप्टर ‘अगुस्ता’ मस्तूरी से 34 किलोमीटर दूर ग्राम लोहर्सी में उतरा। जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने आनन-फानन में तैयारियां की। मुख्यमंत्री डा. सिंह ने वहां के तालाब के किनारे ही चौपाल लगाकर उन्होंने ग्रामसभा ली और एक के बाद एक सभी की समस्याएं सुनीं। अधिकांश लोगों ने राशन कार्ड, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग रखी। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनका राशन कार्ड बन चुका है, लेकिन अब तक उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया है।

अधिकारियों से पूछताछ पर पता चला कि करीब 200 कार्ड गांव के सरपंच के पास रखे हुए हैं। उन्होंने सरपंच पर नाराजगी जताते हुए सभी राशन कार्ड शिविर लगाकर वितरित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बी-वन व खसरे की नकल न मिलने की शिकायत पर उन्होंने राजस्व विभाग के अफसरों से कहा कि लोहर्सी में तीन दिनों के भीतर बी-वन, खसरे की नकल वितरित कर दी जाए। इसी तरह शिविर में अविवादित नामांतरण एवं अविवादित बंटवारा के प्रकरणों के लंबित आवेदनों का भी शीघ्र निराकरण करने के लिए कहा।

स्वास्थ्य मितानिन को बुलाकर सीएम ने चिकित्सा सुविधाओं के बारे में पूछताछ की और उसकी दवापेटी खोलकर देखी। उनसे पूछा कि टीकाकरण समय पर होता है या नहीं? ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने करीब एक करोड़ 17 लाख के विकास व निर्माण कार्यो की घोषणाएं की और संबंधित अधिकारियों से कहा कि ये काम जल्द से जल्द शुरू कर दिए जाएं। गांव के लिए घोषित निर्माण कार्यो में नल-जल योजना, हैंडपंप, तालाब गहरीकरण, सौंदर्यीकरण, सीसी व डब्ल्यूबीएम रोड शामिल हैं।

मंगली को मिली पेंशन: ग्रामसभा के दौरान लोहर्सी के वार्ड-7 में रहने वाली विधवा मंगली बाई ने मुख्यमंत्री से परिवार सहायता पेंशन दिलाने की गुहार लगाई। वृद्धा मंगली ने बताया कि उसने अर्जी दे दी है, लेकिन पेंशन अब तक नहीं मिली। मुख्यमंत्री डा. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंगली बाई को अविलंब पेंशन दिलाई जाए।

‘चावल’ के नारे से बिखरी मुस्कान: ग्रामसभा के दौरान मुख्यमंत्री का ध्यान मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना, रोजगार गारंटी व मध्याह्न् भोजन पर केंद्रित रहा। खाद्यान्न सहायता के बारे में उन्होंने अधिकारियों से पूछताछ की। बीच-बीच में ग्रामीण तीन रुपए किलो में चावल दिलाने पर ‘जिंदाबाद’ के नारे लगाते और सहसा सीएम के चेहरे पर मुस्कान उभर आती। उन्होंने शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालक से चावल व अमृत नमक वितरण की जानकारी भी प्राप्त की।

मंदिर में पूजा के बाद शुरू हुआ ‘चौपाल’

मस्तूरी. सुबह 11.20 बजे लोहर्सी नवापारा के एक खेत में सीएम का हैलीकाप्टर उतरते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके साथ प्रमुख सचिव विवेक ढांढ, जनसंपर्क सचिव बीएल तिवारी व डीआईजी एडी गौतम भी थे। यहां से शासकीय वाहन में सवार होकर वे सीधे लोहर्सी बस स्टैंड के पास शिव, राधाकृष्ण मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजा की। इसके बाद सीएम मंदिर के सामने ही तालाब किनारे कुर्सियां लगवाकर बैठ गए। ‘चौपाल’ शुरू होते ही लोगों में समस्याएं सुनाने के लिए होड़ सी मच गई।

कई ग्रामीण व्यक्तिगत समस्याएं सुनाने में ही इतने मशगूल रहे कि सीएम गांव की समस्याएं सुन ही नहीं पाए। लोग कई मुद्दों पर आपस में ही उलझते रहे। उन्होंने गांव में करीब डेढ़ घंटा बिताया। डा. सिंह ने कहा कि बड़े गांव के लिहाज से इतना समय पर्याप्त नहीं है। यहां से वे कोरिया के लिए उड़ चले। उनके प्रवास के दौरान कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह, एसडीएम संजय अग्रवाल, सीईओ बीपी भारद्वाज एवं अधिकारियों के अलावा जिला पंचायत संचार, संकर्म समिति के अध्यक्ष सुनील तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयनारायण अवस्थी, रवि तिवारी, सरपंच लखन कोसले, दुर्गासहाय अवस्थी, चंदराम वर्मन, बृजनंदन टंडन, मुकेश भारद्वाज आदि मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: