HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

कतरन गोदाम में लगी आग

ग्वालियर. रॉक्सी रोड पर स्थित कतरन के एक गोदाम में सोमवार की रात अचानक आग भड़क उठी। आग पर काबू करने के लिए दमकल दस्ते और पुलिस को सुबह तक मशक्कत करना पड़ी। आग के कारण गोदाम में रखी कपड़े की कतरनें और एक ऑटो जल गया। आग किन परिस्थितियों में लगी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थानाक्षेत्र स्थित रॉक्सी रोड पर बक्षी का बाड़ा में हरीश कुमार का कपड़े की कतरन रखने का गोदाम है। रात लगभग दो बजे अचानक इसमें आग की लपटें उठने लगीं। लपटों को सबसे पहले चौकीदार ने देखा और इसकी सूचना तुरंत दमकल दस्ते तथा कोतवाली थाने को दे दी। रात लगभग ढाई बजे से आग को काबू करने के लिए दमकल दस्ते के प्रयास शुरू हुए तो वे सुबह तक चलते रहे तब कहीं जाकर आग काबू में आ सकी।

आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दस गाड़ियां पानी फेंकने के लिए पहुंचीे, इसके अलावा पुलिस लाइन से वज्र वाहन को भी बुलाया गया। टीआई कोतवाली आत्माराम शर्मा के मुताबिक, आग से कपड़े की कतरनों का गोदाम तो राख हो ही गया, इसके अलावा यहां रखा दिलीप कुमार का ऑटो भी जल गया। आग से लगभग दो लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।

एक पखवाड़े में दूसरी बार लगी आग : शहर की घनी बस्तियों में बने व्यावसायिक उपयोग के स्थान पर आग लगने की यह दूसरी घटना है इससे पहले जनकगंज थानाक्षेत्र के ढोलीबुआ का पुल पर फोम गद्दे के एक कारखाने में आग लग गई थी। इस आग ने आसपास के कुछ घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: