News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
केन्द्रीय इस्पात व रसायन मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार जमीन उपलब्ध कराए तो ग्वालियर में भी होशंगाबाद व उज्जैन की भांति इस्पात कारखाना स्थापित करेंगे। श्रा पासवान मंगलवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की निधि से उज्जैन में इस्पात कारखाने का काम तेजी से चल रहा है। ग्वालियर में बड़ा स्टील प्लांट लगाने की योजना है लेकिन जमीन उपलब्ध नहीं है। राज्य सरकार यदि जमीन जल्द उपलब्ध करा दे तो इसकी नींव रखने में भी देर नहीं की जाएगी।
महंगाई के सवाल पर श्री पासवान ने कहा कि केन्द्र में किसी भी पार्टी की सरकार रहे, महंगाई पर काबू पाना कठिन है। तीन साल से दवा की कीमतें स्थिर हैं। स्टील हमारे हाथ में नहीं है, इसलिए डि-कंट्रोल है। स्टील का रा-मैटेरियल कुकिंग कोक विदेश से ऊंची कीमत पर खरीदना पड़ रहा है। इसका भाव पहले 96 डालर प्रति टन हुआ करता था, जो अब 310 डालर हो गया है। स्टील निर्माताओं को रेट के मामले में इतना झुकाया जा सकता है कि उन्हें भी घाटा न पड़े।
उर्वरक पर काफी अनुदान
केन्द्रीय इस्पात व रसायन मंत्री श्री पासवान ने कहा कि किसानों को परेशानी नहीं हो, इसलिए केन्द्र सरकार महंगे रेट पर उर्वरक खरीदकर उन्हें कम कीमत पर उपलब्ध करा रही है। सुपर फास्फेट पर भी अनुदान दिए जाने पर विचार चल रहा है। यूरिया 16 हजार रुपए प्रति टन के रेट से खरीदकर 4830 रुपए प्रति टन उपलब्ध कराई जा रही है। डीएपी 9300 रुपए प्रति टन के रेट से दी जा रही है जबकि इसे 51 हजार प्रति टन खरीदा जा रहा है। पोटास भी 4000 रुपए के रेट से उपलब्ध कराई जा रही है जबकि इसका खरीदी रेट 16 हजार रुपए प्रति टन है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दो बार उनके घर आकर इस बात के लिए धन्यवाद ज्ञापित कर चुके हैं कि केन्द्र सरकार ने उनके प्रदेश को मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध कराई है।
बरैया सीएम के रूप में प्रोजेक्ट
लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पासवान ने कहा कि फूल सिंह बरैया को पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले अगले मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट किया है।