जयपुर: दीपावली पर दी गई गिफ्ट राशि की राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की ओर से वसूली करने के आदेशों के बाद मंगलवार को कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया। आदेश निरस्त करने की मांग को लेकर बोर्ड कर्मचारियों ने तीन घंटे तक आयुक्त का घेराव कर जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौैरान कर्मचारियों ने आयुक्त के खिलाफ नारे लगाते हुए चित्तौड़ा हटाओ-भ्रष्टाचार मिटाओ मुहिम चलाने की घोषणा की।
दोपहर एक बजे राजस्थान हाउसिंग बोर्ड यूनियन के अध्यक्ष गिरिन्द्र मिश्र के नेतृत्व में आयुक्त अजय सिंह चित्तौड़ा को ज्ञापन देने पहुंचे कर्मचारियों ने आयुक्त को कहा कि दीपावली पर दी गई गिफ्ट राशि को अब वसूलने का क्या औचित्य है।
आयुक्त ने कहा कि यह वसूली राज्य सरकार के आदेशों से हो रही है। इस पर आवेश में आ गए और आयुक्त पर नियम विरुद्ध काम करने का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने चित्तौड़ा को भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर खरी-खोटी सुनाई। एक बार तो कर्मचारियों के उग्र होने पर चित्तौड़ा ने बचाव के लिए पुलिस बुलाने की बात कही। उसी समय हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अजयपाल सिंह आयुक्त के कक्ष में आए और आक्रोशित कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया।
बाद में कर्मचारियों ने बोर्ड के चेयरमैन को गिफ्ट राशि की वसूली नहीं किए जाने संबंधी ज्ञापन दिया। बाद में बोर्ड प्रशासन ने यूनियन को आश्वासन दिया कि वसूली के लिए वेतन से कटौती अगले महीने से शुरू की जाएगी।
राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने कर्मचारियों को दीपावली पर मिली गिफ्ट राशि 9000 रुपए में से 5900 रुपए की वसूली के निर्देश दिए हैं। यह राशि हर माह कर्मचारियों के वेतन में से कटौती की जाएगी। यह वसूली बोर्ड से सेवा निवृत्त हो चुके कर्मचरियों या अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले कर्मचरियों से भी होगी।