जयपुर: बिजली की पुरानी लाइनें और लगातार बढ़ता लोड, नतीजतन आए दिन लाइनें ट्रिप और सिस्टम हैंग। यह कहानी है राज्य के सबसे बड़े एसएमएस अस्पताल की। मंगलवार को अस्पताल की सेंट्रल लैब में फिर ऐसा ही हुआ।
सुबह करीब पौने 9 बजे सिस्टम हैंग हो गया और करीब ढाई घंटे स्थिति ऐसी ही रही। मरीजों को इससे काफी परेशानी हुई, वहां लंबी कतार लग गई। सही जानकारी नहीं मिलने से परिजनों ने आक्रोश व्यक्त किया। बाद में मरीजों के परिजनों ने अस्पताल के अधीक्षक से शिकायत की, तब जाकर स्विच बदला गया और बिजली सप्लाई शुरू हुई। इस अव्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों का टाइमटेबल बिगड़ गया। कुछ मरीजों के सैंपल खराब हो गए, और उन्हें दुबारा लेना पड़ा। कई मरीजों की जांच दूसरे दिन पर टालनी पड़ी।
मई में आएगी नई मशीन सेंट्रल लैब इंचार्ज महीप सिन्हा के अनुसार मेडिकल जांच के बढ़ते लोड को कम करने के लिए जल्द ही एनलाइजर मशीन लाई जा रही है। करीब 30 लाख की मशीन से प्रतिघंटा 400 मरीजों की जांच की जा सकेगी। मई के अंत तक मरीजों को इसका फायदा मिल सकेगा। एसएमएस अस्पताल अधीक्षक डॉ.एन.एस. शेखावत के अनुसार शिकायत मिलती है तो तुरंत समाधान किया जाता है।