मेलबर्न.
भारतीय साथी गेंदबाज श्रीसंथ को आईपीएल मैच के दौरान थप्पड़ मारने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट अंपायर लू रोवन ने हरभजन सिंह को मैदान पर खौफनाक करार देते हुए उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की है।
थप्पड़ मामले पर कुछ दिनों से हरभजन सिंह को ऑसी मीडिया ने आड़े हाथों लिया है। एक अखबार द कोरियर मेल से रोवन ने कहा है कि यह खिलाड़ी क्रिकेट के खेल के लायक नहीं है और यह खुद दर्शा चुका है। इसे खेल से बाहर कर देना चाहिए। मुझे नहीं पता कि कौन सा अन्य खेल ऐसे खिलाड़ी को अपनाना चाहेगा।
1963 से 71 के बीच 25 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग करने वाले रोवन मानते हैं कि आईपीएल द्वारा भज्जी पर 11 मैचों का प्रतिबंध लगाया जाना कम सजा है। उन्होंने कहा कि बिना नरमी बरते सख्त सजा दी जानी चाहिए और उन्हें खेल से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि बीसीसीआई द्वारा अनुशासनात्मक जांच के लिए बनाई गई एक अलग समिति की रिपोर्ट के बाद हरभजन सिंह के बारे में फैसला लिया जाएगा।