नई दिल्ली.
बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान बुधवार को निजी सुनवाई के लिए गुड़गांव के डिप्टी कमिश्नर के सामने पेश नहीं हुईं। पूर्व क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी की बेटी सोहा अली को बालिग होने से पहले ही हथियार लाइसेंस हासिल करने और काले हिरण के शिकार के बाद जब्त राइफल के लाइसेंस का नवीनीकरण के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
सोहा ने कारण बताओ नोटिस के जवाब में खुद को निर्दोष बताया था और निजी सुनवाई का मौका मांगा था। इस पर गुड़गांव जिला प्रशासन ने उनकी पेशी के लिए 25 अप्रैल की तारीख तय की थी। बाद में यह तारीख 30 अप्रैल कर दी गई। बुधवार को उन्होंने अपनी जगह अपने वकील को भेज दिया।
गुड़गांव के डिप्टी कमिश्नर राकेश गुप्ता ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करने संबंधी फैसला 8 मई को किया जाएगा।
सोहा के खिलाफ आरोप है कि काले हिरण के शिकार के बाद जब उनकी राइफल झज्जर पुलिस के कब्जे में थी तो उसी समय सोहा ने इसके लाइसेंस का नवीनीकरण भी करा लिया। सोहा ने कारण बताओ नोटिस के जवाब में कहा था कि उसने लाइसेंस के लिए दिए गए अपने आवेदन में अपनी उम्र सही लिखी थी इसलिए बालिग और नाबालिग की बात तय करना अधिकारियों की जिम्मेदारी थी।
संबंधित खबरें
* सोहा के खिलाफ शिकायत खारिज
* सोहा को जिला प्रशासन का नोटिस
* बंदूक लाइसेंस विवाद में फंसी सोहा अली