HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

कलेक्ट्रेट का आधा स्टाफ नदारद

जयपुर: प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा बुधवार सुबह कलेक्ट्रेट और दो अस्पतालों का आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर अखिल अरोड़ा और पांच एडीएम, जिला रसद अधिकारी और एक उपखंड अधिकारी गायब मिले। इनके अलावा कलेक्ट्रेट का आधा स्टाफ भी सीटों पर नहीं मिला।

अफसरों व कर्मचारियों की लेटलतीफी व सीटों से नदारद रहने की शिकायतों की पुष्टि करने सुबह करीब साढ़े दस बजे विभाग की टीम कलेक्ट्रेट पहुंची, तो वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। टीम ने जैसे ही उपस्थिति रजिस्टर लेकर एडीएम (प्रथम) बद्रीनारायण के कमरे में बैठकर उपस्थिति जांचनी शुरू की, एडीएम (तृतीय) रमेशचंद शर्मा कहीं से आए और वहां हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को बुलाकर जांच टीम का विरोध करवा दिया और प्रेस फोटोग्राफरों से भी अभद्रता की। इससे घबराए टीम के सदस्य केवल उपस्थिति जांचने के अलावा जन समस्याओं से संबंधित शिकायतों की पेंडेंसी ले ही नहीं पाए।

बाद में कलेक्टर अखिल अरोड़ा बोले कि जांच टीमें तो आती रहती हैं। जिला प्रशासन के सभी अधिकारी फील्ड में गए हुए थे। एडीएम और एसडीएम तो झालाना में मंगलवार रात को हुई घटना के बाद तनाव शांत करने के लिए मौके पर थे। जबकि बाकी दो टीमें सुबह सात बजे से ही स्कूलों को बंद कराने निकली हुई थीं।

ये गायब मिले: जिला कलेक्टर अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रथम) बद्रीनारायण, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर साउथ) जगदीश भादू, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट द्वितीय मुकुल शर्मा, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट तृतीय रमेशचंद शर्मा, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) मनीषा अरोड़ा, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर उत्तर) मातादीन शर्मा, जिला रसद अधिकारी वी.पी.सिंह, एडीएम आमेर हरेन्द्रसिंह। इनके साथ ही 379 अराजपत्रित कर्मचारियों में 177 कर्मचारी और 24 में से 19 राजपत्रित कर्मचारी।

दंत चिकित्सालय में विभागाध्यक्षों के ताले ही नहीं खुले: टी.बी. सेनेटोरियम के पास स्थित दंत चिकित्सालय में प्रशासनिक सुधार विभाग की टीम ने सवेरे करीब साढ़े आठ बजे आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां आउटडोर शुरू होने का समय आठ बजे है, लेकिन साढ़े आठ बजे तक तो विभागाध्यक्षों के कक्षों के ही ताले नहीं खुले थे। यहां 27 में से 17 डॉक्टर और 48 में से 14 नर्स-कम्पाउंडर गायब मिले। इसी तरह दूसरी टीम ने सवेरे साढ़े आठ बजे ही कावंटिया जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां भी 37 में से 12 डॉक्टर, 94 में से 43 नर्स-कम्पाउंडर गायब मिले।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: