जयपुर: राज्य सरकार ने अनुदानित शिक्षण संस्थाओं का अनुदान डी फ्रीज कर दिया है। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी कर दिए। इसका फायदा राज्य के 22 हजार शिक्षकों-कर्मचारियों को होगा। उनको 28 मई 2002 से चयनित वेतनमान मिलेगा। अनुदान बढ़ोतरी में चयनित वेतनमान का लाभ भी शामिल होगा।
सरकार ने 24 मार्च 06 को प्रदेशभर की अनुदानित शिक्षण संस्थाओं को दिया जाना वाला अनुदान फ्रीज (स्थिर) कर दिया था। राज्य में अनुदानित शिक्षण संस्थाओं के 22 हजार शिक्षकों को इसका लाभ मिलेगा। इन कर्मचारियों को पूर्ण वेतन भत्ते मिलने शुरू हो जाएंगे।
प्रमुख शासन सचिव सुधीर भार्गव द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिन अनुदानित शिक्षण संस्थाओं ने 1998-99 में संस्था के अनुदानित पदों में आरक्षण नीति की पालना की है, उनका अनुदान डी फ्रीज किया जाता है। राजस्थान अनुदानित शिक्षा संघ के प्रदेश अध्यक्ष वी.के. तिवाड़ी और अनुदानित शिक्षा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सरदार सिंह बुगालिया ने बताया कि सरकार के फैसले से अनुदानित शिक्षण संस्थाओं को नया जीवन मिलेगा।