धार. चुनावी साल में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान बॉलीवुड फिल्मों के सहारे मतदाताओं को विकास की ‘झप्पी’ देने की तैयारी में हैं। जनसंपर्क संचालनालय ने चार साल में किए विकास पर आधारित 15 मिनट की वीडियो फिल्म बनाई है जिसे वीडियो वैन के माध्यम से गांव-गांव में दिखाया जाएगा।
लोगों को वीडियो वैन तक लाने के लिए बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख खान और संजय दत्त की फिल्में भी सरकार दिखाएगी। ये हिट फिल्में चक दे इंडिया, मुन्नाभाई एमबीबीएस और लगे रहो मुन्नाभाई हैं। हर गांव में इनमें से कोई एक फिल्म दिखाई जाएगी। हर गांव में फिल्म के प्रदर्शन की पुष्टि के लिए सरपंच, पटवारी, शिक्षक या अन्य कर्मचारी से दस्तखत भी लिए जाएंगे। मालवा-निमाड़ अंचल में ये वैन्स आ गई हैं और जल्द ही प्रदर्शन शुरू कर देंगी।
लोगों के बैठने के लिए दरी भी रहेगी
फिल्म प्रसारण के दौरान लोग खुद को मेले में फिल्म देखने जैसा महसूस करेंगे। वीडियो वैन में बाकायदा चार-पांच दरियां रखी होंगी जिन पर लोगों को बैठाया जाएगा।
रोजाना छह स्थानों पर प्रदर्शन
हर जिले में चार वीडियो वैन 60 दिनों तक प्रमुख नगर, गांवों में जाएंगी। इनमें से बड़ी वैन रोजाना दो और छोटी चार जगह फिल्में दिखाएंगी। प्रत्येक वीडियो वैन के साथ दो महीने तक जिले का एक कर्मचारी रहेगा। एक एंकर और मध्यप्रदेश माध्यम के दो कर्मचारी भी होंगे। मुख्यमंत्री के सचिव एस.के. मिश्रा ने बताया वीडियो वैन्स के माध्यम से विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। हर जिले में 60 दिन का प्रोग्राम तय किया है।
हर जिले में चार वैन
प्रदेश के गांव-गांव में घूमेगी वीडियो वैन, प्रत्येक जिले में चार-चार वैन पहुंचीं।
फिल्में
लगे रहो मुन्ना भाई, चक दे इंडिया व मुन्नाभाई एमबीबीएस।
प्रचार
दो महीने तक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगी वैन।
कौन
हर वैन में एक एंकर और दो कर्मचारी उपलब्ध करवाए गए हैं। इनके साथ संबंधित जनपद पंचायत का एक कर्मचारी भी रहेगा।