News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. नेवरा से अपने गांव सरोरा लौट रहे कृषक रामनाथ वर्मा (43) से बुधवार शाम रास्ते में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने लूटपाट की। कृषक पर चाकू टिकाया और रुपए का थैला छीनकर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि गांव में रामनाथ के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी सिलसिले में आज दोपहर वे साइकिल से स्टेट बैंक की नेवरा शाखा से रुपए निकालने आए थे। बैंक से 60 हजार रुपए निकालने के बाद उन्होंने मार्केट से बच्चों के लिए कपड़े खरीदे। वहां 300 रुपए पेमेंट किया। थैले में बाकी 59700 रुपए लेकर बाजार में लोहे और सीमेंट का रेट पूछने और दो-तीन दुकान गए। काम निपटाने के बाद साइकिल से गांव के लिए निकले।
गांव से करीब एक किमी पहले नाले के पास उन्हें तीन युवकों ने मोटरसाइकिल अड़ाकर रोक लिया। एक ने चाकू गर्दन पर टिकाया तो बदहवास कृषक ने साइकिल छोड़ दी। युवक हैंडल से बंधा रुपए का थैला लेकर भाग गए।
संभलने के बाद किसान ने पीसीओ से अपने भाई केशव वर्मा को फोन लगाया। केशव डाक विभाग में कर्मचारी हैं। दोनों वापस नेवरा पहुंचे। थाने में शिकायत पर के बाद इलाके की नाकेबंदी की गई, लेकिन रात तक पुलिस को आरोपियों का सुराग नहीं मिला। पीड़ित के बताए हुलिए के मुताबिक लूटपाट करने वाले एक युवक ने काली टीशर्ट और दूसरे ने सफेद शर्ट पहन रखी थी। तीसरे को वे ठीक से देख नहीं पाए। नेवरा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 392 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
अफसरों ने बताया कि पिछले दिनों एक गिरोह दबोचा गया था, जिससे आधा दर्जन लूट के मामले खुले थे। इसके तीन-चार आरोपी अब भी जेल में बंद हैं। माना जा रहा है कि उनके साथी फिर ग्रामीण इलाके में सक्रिय हो गए हैं।