bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

मासूम से धोखा घर में आपरेशन

रायपुर. बलौदाबाजार के बिरकुली गांव के डेढ़ साल के करण प्रजापति को बुधवार की शाम गंभीर हालत में आंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया। डाक्टरों ने केस हिस्ट्री पूछी तो ऐसा फर्जीवाड़ा सामने आया कि हड़कंप मच गया। धोखाधड़ी के इस मामले में बलौदाबाजार प्राइमरी हेल्थ सेंटर के डाक्टर सियाराम वर्मा को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। नर्स डागेश्वरी यादव और कंपाउंडर संदीप साहू की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि करण को डेढ़ महीने से खांसी और कमर के नीचे दर्द की शिकायत थी। गांव के डाक्टर ने जांच के बाद बच्चे को बलौदाबाजर पीएचसी ले जाने की सलाह दी। परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे तो डा. वर्मा वहां नहीं थे। अस्पताल में नर्स यादव ही थी। करण के पिता ने उससे बात की। नर्स ने बच्चे की जांच की और बताया कि उसे हार्निया है, आपरेशन करना पड़ेगा। उसने 5 हजार रुपए लेकर तीन दिन बाद आपरेशन के लिए बच्चे को अपने घर पर बुला लिया।

केस डायरी के मुताबिक परिजन 13 अप्रैल को करण को लेकर नर्स के घर पहुंचे। उसने अपने घर में ही बनाए गए जांच कक्ष में परीक्षण किया। इसके बाद एक निजी अस्पताल के कंपाउंडर संदीप साहू को बुला लिया। नर्स ने संदीप को स्पेशलिस्ट बताया। दोनों ने करण का आपरेशन किया और घर भेज दिया। कुछ दिन बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे लेकर दोबारा अस्पताल पहुंचे। वहां डा. वर्मा ने जांच की।

पुलिस के मुताबिक परिजनों ने आपरेशन की जानकारी दी तो उन्होंने नर्स से फोन पर बात की और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कर लिया। आज बच्चे की हालत काफी बिगड़ी, तब उसे आंबेडकर अस्पताल भेजा गया। यहां के डाक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने बताया कि नर्स और कंपाउंडर के साथ डाक्टर ने भी मामले को छिपाने की कोशिश की और धोखाधड़ी में शामिल हो गए। इसलिए तीनों के खिलाफ बलौदाबाजार थाने में दफा 420, 337, 116 का मामला दर्ज कर लिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: