HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

गृह जिले में रमन ने दिए करोड़ों

रायपुर. r चिलचिलाती धूप में गांवों में सरकार की दस्तक का बुधवार को आखिरी दिन था। मुख्यमंत्री डा. सिंह ने अपने गृह जिले में करोड़ों की सौगात के साथ इसका समापन किया। अब राज्यभर से मिली शिकायतों का पुलिंदा समेटा जाएगा।

डा.रमन ने सुराज के आखिरी दिन कवर्धा जिले की उड़ान भरी। राजधानी से वे कवर्धा के गांवों में उतरे और चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। बम्हनी में उनकी चौपाल में खासी भीड़ उमड़ी। लोगों का कहना था कि यहां बच्चों के खेलने के लिए स्टेडियम नहीं है, बच्चों को दिक्कतें हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने उनकी दिक्कतों को समझा और मिनी स्टेडियम की घोषणा की। स्टेडियम पर 20 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा चार वार्डे में कंक्रीट सड़क, बम्हनी करवानाला के बीच पुलिया निर्माण और मंगल भवन समेत कई और कामों को मंजूरी दी। ग्राम पवनतरा में उन्होंने सामुदायिक भवन की मंजूरी दी और मुख्य मार्ग से भादूटोला तक सड़क निर्माण के लिए 15 लाख रुपए देने का ऐलान किया।

उन्होंने गांव की दो क्रिकेट टीमों को 5-5 हजार रुपए दिए। शीतला मंदिर में मंच निर्माण का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री ने सिंगनपुरी में तालाब गहरीकरण और कंक्रीट सड़क बनाने की घोषणा की। इसके अलावा बंदोरा में शिल्पकारों के लिए शेड, बिजली ट्रांसफार्मर, खंबे आदि लगाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री अचानक इन गांवों में पहुंचे थे। चौपाल भी उन्होंने पेड़ों के नीचे लगाई थी। लोग अपने बीच प्रदेश के मुखिया को पाकर काफी खुश थे। उनके साथ दौरे में प्रमुख सचिव विवेक ढांड और संचालक जनसंपर्क बीएल तिवारी भी थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: