News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. रकम के लेन-देन के विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने कुम्हार पर प्राणघातक हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। जरहागांव पुलिस के अनुसार ग्राम छतौना निवासी संतोष कुम्हार पिता अरुण कुम्हार मिट्टी की ईंट व खपरे बनाने का काम करता था। इसके लिए वह पास में ही रहने वाले 32 वर्षीय हेमंत पिता अंतू कश्यप के पंप से पानी लेता था।
पानी के लिए वह निश्चित रकम उसे देता था। इस रकम को लेकर दोनों के बीच में बुधवार की सुबह 9 बजे विवाद हो गया। तैश में आकर हेमंत ने सब्बल से संतोष पर प्राणघातक हमला कर दिया। इससे उसे गंभीर चोट आई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का जुर्म दर्ज कर लिया है।