मेलबर्न.
मेलबर्न में करनाल के जलविंदर सिंह पर चाकुओं से हमला करने वाले एक ऑस्ट्रेलियाई व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उधर मेलबर्न के रॉयल अस्पताल में भर्ती जलविंदर सिंह की हालत गंभीर बनी है। हमले के खिलाफ हजारों लोगों ने मेलबर्न में प्रदर्शन किया। पढ़ाई करने ऑस्ट्रेलिया आया जलविंदर यहां गुजारा करने के लिए रात में टैक्सी चलाता था।
29 अप्रैल को उसकी टैक्सी में दो ऑस्ट्रेलियाई नागरिक सवार हुए। उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने के बाद जब जलविंदर ने उनसे किराया मांगा तो उन्होंने चाकुओं से हमला कर उसे घायल कर दिया था। बुधवार को इस संबंध में काबू 45 वर्षीय चाल्र्स को मेलबर्न कोर्ट में पेश किया गया। उस पर सात आरोप लगाए गए हैं।
अदालत ने चाल्र्स को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले चाल्र्स के वकील रोब मेलसक्का ने अदालत में कहा कि उसका मुवक्कित एड्स से पीड़ित है।
हाल ही में उसने नया ईलाज शुरू किया है। मेलसक्का ने कहा कि चाल्र्स को कल की घटना के संबंध में कुछ भी याद नहीं है। चाल्र्स की कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है।
उधर रॉयल अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि जलविंदर की हालत में कुछ सुधार तो है लेकिन अभी भी वह खतरे से बाहर नहीं है और उसे आईसीयू में ही रखा गया है। इस बीच जलविंदर पर हुए हमले के विरोध में हजारों टैक्सी चालकों ने शहर में प्रदर्शन किया और उन्हें उचित सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की।