नई दिल्ली.
लाल कृष्ण आडवाणी ने देश के प्रथम पोखरन परमाणु परीक्षण के लिए इंदिरा गांधी की खुले दिल से तारीफ की। परमाणु परीक्षण के फैसले की तारीफ करते हुए आडवाणी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने पोखरन परमाणु परीक्षण करके एक नई मिसाल कायम की थी।
आडवाणी ने कहा कि उन्होंने परीक्षण करके यह सिद्ध किया था कि परमाणु उर्जा सिर्फ नागरिक इस्तेमाल के लिए नहीं होती। आडवाणी वे कहा कि इंदिरा गांधी की तरह हमने भी पोखरन में दूसरा परमाणु परीक्षण किया और मजे की बात है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हमारे इस कदम की आलोचना की थी।
अमेरिका के साथ होने वाले परमाणु समझौते पर अपनी पार्टी का रुख साफ करते हुए आडवाणी ने कहा कि हम ऐसे किसी भी समझौते का विरोध करते हैं जिससे देश की स्वतंत्रता को खतरा हो।
आडवाणी ने मनमोहन सिंह की भी तारीफ करते हुए कहा कि मुझे यह स्वीकार करने में थोड़ी भी हिलकिचाहट नहीं है कि देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एक ईमानदार व्यक्ति है लेकिन उनकी ईमानदारी का फायदा देश तभी मिल सकता है जब उनकी टीम के अन्य सदस्य भी उसी ईमानदारी के साथ कार्य करें।