News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. एसपी बंगले पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी पर उनके ही पड़ोसियों ने बुधवार की सुबह चाकू और लाठियों से हमला बोल दिया। यह हमला दुकान के विवाद को लेकर पोहरी रोड पर सुरक्षाकर्मी के निवास पर ही किया गया। घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार एसपी बंगल पर पहरा देने वाले आरक्षक सुनील शर्मा पर सुबह साढे आठ बजे के लगभग दो सगे भाइयों सहित चार लोगों ने हमला बोल दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के मूल में घायल आरक्षक सुनील के भाई मनोज की वह परचूनी की दुकान है, जो कि पोहरी रोड पर आरोपियों की दुकान के बगल से लगी हुई है।
बताया जाता है कि सबसे पहले मनोज से उनके पास में परचूनी की दुकान करने वाले विश्वनाथ पुत्र रामभरोसी शिहवरे से विवाद हुआ। इसकी वजह यह थी कि विश्वनाथ ने मनोज से कहा कि तुम हमारी दुकान के ग्राहक क्यों तोड़ते हो। इस पर मनोज ने कहा कि वह किसी के ग्राहक नहीं तोड़ता। इसी बात को लेकर पहले दोनों में मुंहवाद हुआ और इसके बाद गालीगलौज शुरू हो गई।
जब मनोज ने गालियां देने से मना किया तो आरोपी विश्वनाथ ने उसमें मुक्का मार दिया। अपने भाई को पिटता देख आरक्षक सुनील और उसकी मां भी मौके पर आ गए। इसी बीच आरोपी पक्ष से जयकुमार, विजयकुमार पुत्रगण भागीरथ शिवहरे और बंटी पुत्र रामदास शिवहरे भी हथियार लेकर आ गए। इन सभी आरोपियों ने अपने भाई का बचाव करने आए सुनील पर हमला बोल दिया, जिसमें उसके चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोंटे आई हैं।
फरियादी मनोज शर्मा ने बताया कि चारों आरोपियों ने उसके भाई सुनील पर चाकू और लाठियों से हमला किया है। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर भाग खड़े हुए। कोतवाली पुलिस ने मनोज की रिपोर्ट पर आरोपीगण विश्वनाथ पुत्र रामभरोसी शिवहरे, जयकुमार, विजय कुमार पुत्रगण भागीरथ शिवहरे और बंटी पुत्र रामदास शिवहरे के खिलाफ भादंवि की धारा 294, 323, 324, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।