News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
केन्द्र की यूपीए सरकार पर मप्र के साथ पक्षपात का आरोप लगाते हुए प्रदेश के जल संसाधन व जिले के प्रभारी मंत्री अनूप मिश्रा के साथ एक सैकड़ा से अधिक भाजपाई बुधवार को माधव चौक पर उपवास पर बैठे। सुबह 11 बजे से शुरू हुए 24 घंटे के इस उपवास कार्यक्रम में मंचासीन वक्ताओं ने केन्द्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने और गरीबों व मध्यवर्गीय परिवारो की कमर तोड़ने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश संगठन की योजना के तहत सुबह 11 बजे से भाजपा के कोलारस के विधायक ओमप्रकाश खटीक, जिपं उपाध्यक्ष एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष गगन खटीक, करैरा के पूर्व विधायक और बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष रणवीर रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता हरिहर शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा गुरू, मुकेश गोयल, ओमप्रकाश जैन, सिद्धि प्रधान, शब्बीर खान, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जैन, आलोक बिंदल, जगराम यादव, प्रभात मिश्रा, जयंिसंह खटीक, कमलेश भार्गव, बीनू शर्मा, मंजुला जैन, रामवती गोस्वामी, अजय जुनेजा, धैर्यवर्धन शर्मा, राकेश जैन, अनुराग अष्ठाना आदि लोगों ने उपवास पर बैठ गए।
कुछ ही देर में यहां प्रदेश के जल संसाधन व जिले के प्रभारी मंत्री अनूप मिश्रा आ गए। वे भी यहां बनाए गए मंच पर आ बैठे और उन्होंने केन्द्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मप्र के साथ यूपीए सरकार पक्षपात कर रही है। यही वजह है कि प्रदेश में 62 लाख से अधिक बीपीएल परिवार होने के बाद भी केन्द्र सरकार केवल 41 लाख परिवारों को ही बीपीएल कोटे का खाद्यान्न प्रदान कर रही है।
भाजपाईयों ने कहा कि यह उपवास कार्यक्रम इसलिए रखा गया है, ताकि केन्द्र सरकार को यह याद दिलाया जा सके कि मप्र के गरीबों को खाद्यान्न नहीं मिल रहा है और देश पर महंगाई साये की तरह मंडरा रही है। भाजपाईयों ने इस उपवास कार्यक्रम को पहला चरण बताते हुए ऐलान किया कि इसके बाद भी केन्द्र सरकार ने मप्र के प्रति अपना रवैया नहीं बदला तो प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निवास के बाहर उपवास पर बैठा जाएगा।
उपवास निर्जला अथवा फलहारी
केन्द्र सरकार को घेरने के लिए जिला मुख्यालय पर आज किए गए उपवास कार्यक्रम में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता शीतल जल और जूस पीते देखे गए। भास्कर ने जब भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जैन से पूछा कि यह उपवास निर्जला है अथवा फलहारी, तो वे कोई जवाब नहीं दे पाए। उनका कहना था कि इसमें जल तो पिया ही जा सका है। इसी प्रकार वरिष्ठ भाजपा नेता हरिहर शर्मा का कहना था कि यदि भीषण गर्मी में कार्यकर्ता पानी नहीं पिएंगे तो केन्द्र सरकार को लेने के देने पड़ जाएंगे।