पुणे. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे की नियोजित रैली से दो दिन पहले गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भाषा और क्षेत्र के नाम पर राज्य में उत्तर भारतीयों के खिलाफ रचे गए हिंसात्मक आंदोलन को गलत करार दिया है।
मुंबई में शिवाजी पार्क में 3 मई को होने वाली सभा में राज उत्तर भारतीय मुद्दे पर अपनी पार्टी की आगे की रणनीति तय कर सकते हैं लेकिन इससे पहले संघ ने राज ठाकरे का नाम लिए बगैर चेतावनी दी है कि अपने अल्पकालीन राजनीतिक लाभ के लिए किसी को इस तरह की राजनीति नहीं करना चाहिए जिससे सामाजिक समरसता खतरे में पड़े।
संघ की पश्चिमी इकाई के प्रमुख अशोक कुकड़े ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि उनका संगठन संविधान द्वारा प्रदत्त उस अधिकार पर जोर देना चाहता है जिसके अनुसार हर हिंदोस्तानी देश के किसी भी हिस्से में जा व रह सकता है। संघ ने यह भी कहा है कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोग स्थानीय जनसंख्या में शामिल होने से बहुत दूर नहीं हैं।
संघ ने मीडिया को भी सलाह दी है कि सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने और तनाव पैदा करने वाले नेताओं व पार्टियों को ज्यादा प्रचार नहीं दिया जाना चाहिए।