नई दिल्ली. राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री टीआर बालू से जुड़े एक मुद्दे पर जनता दल यू नेता दिग्विजय सिंह ने संसद की अवमानना का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने इस मामले में एक मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। इस पर उपसभापति रहमान खान ने कहा कि मामला सभापति हामिद अंसारी के समक्ष विचाराधीन है। जदयू सदस्य ने कहा कि मंत्री ने सदन के बाहर बयान देकर सदन की अवमानना की है।
बुधवार को शून्यकाल शुरू होते ही दिग्विजय सिंह ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में एक केंद्रीय मंत्री ने मदद मांगी और दूसरे मं त्री ने मदद दी। सदन में यह मामला उठने पर सरकार ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में बयान देगी। इसके बावजूद सरकार ने सदन के बाहर इस बारे में बयान दिया है। सिंह ने सदन में किसी का नाम नहीं लिया।
उन्होंने कहा, उनके विशेषाधिकार हनन नोटिस पर विचार किया जाए। इस पर जदयू सदस्य को समझाते हुए उपसभापति खान ने कहा कि मामला सभापति हामिद अंसारी के समक्ष विचाराधीन है।
इसी मुद्दे पर जदयू नेता शरद यादव ने कहा कि इस मामले में फैसला करते समय यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि केंद्रीय मंत्री और सदन के सदस्य संविधान की कसम लेते समय यह भी कहते हैं कि वह नागरिकों के हितों का ध्यान रखेंगे लेकिन इस मामले में निजी हितों का ध्यान रखा गया है जो विशेषाधिकार का मामला बनता है।