Sports
Other Sports Other Sports नईदिल्ली. भारतीय हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष केपीएस गिल को हटाने के तीन दिन बाद ही तदर्थ चयन समिति ने अजलनशाह कप के लिए चुनी गई टीम को न केवल खारिज कर दिया बल्कि कोच का दायित्व भी एके बंसल को सौंपा गया।
चयन समिति के चेयरमैन असलम शेर खान ने कहा कि गिल की चुनी हुई टीम के कई खिलाड़ियों को नई सूची में शामिल किया जाएगा लेकिन कोच बंसल ही रहेंगे। बैठक में सलाहकार रिक चाल्र्सवर्थ भी शामिल हुए लेकिन धनराज पिल्लै शामिल नहीं हो सके। वे संभवत: शुक्रवार को शामिल होंगे। उसी दिन टीम को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा 5 मई को टीम क्वालालंपुर के लिए रवाना होगी।
असलम ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि टीम की पुरानी सूची के अनुसार गिल ने अजलन शाह के लिए कारवाल्हो का पत्ता साफ कर दिया था। असलम ने कहा कि हमारा पूरी कोशिश होगी कि हॉकी के स्वर्णिम गौरव को लौटा सके।
चकित हुए चाल्र्सवर्थ : इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए रिक चाल्र्सवर्थ ने कहा कि गिल के हटने से वे चकित हैं। उन्होंने कहा कि मैं कई माह से भारत में हूं लेकिन उसका कोई लाभ नहीं उठाया गया है। विश्व हॉकी में स्थापित होने के लिए तेजी से काम करने की आवश्यकता है। अमेरिका इसका आदर्श उदाहरण है जिसने कि ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई किया। चाल्सवर्थ ने उम्मीद जताई कि तदर्थ समिति अच्छा कार्य कर मिसाल कायम करेगी।