जयपुर:
एक सप्ताह तक प्रचंड गर्मी के बाद गुरुवार को राज्य के विभिन्न स्थानों के तापमान में मामूली गिरावट आई। बीकानेर और चूरू में फुहारें गिरीं। बीकानेर में पहले धूल भरी आंधी चली, उसके बाद फुहारें गिरी। जयपुर में भी पारा 42 डिग्री पर टिका रहा। श्रीगंगानगर में भी पारा एक डिग्री घट कर 44 पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे चक्रवात की संभावना बनी हुई है।
चक्रवात तेज होता है तो राज्य के तापमान पर भी इसका असर होगा। अभी भी तापमान में जो गिरावट आई है, उसका कारण खाड़ी में कम दबाव बनना है। इसके प्रभाव से राज्य के तापमान में मामूली गिरावट आई है और फुहारें पड़ी हैं। दो दिन में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। बीकानेर में सुबह गर्मी थी। सुबह 10 बजे बाद अचानक आसमान में बादल छाने लगे और थोड़ी ही देर में धूपछांव का माहौल बन गया।
लोगों को बारिश की उम्मीद बंधी, लेकिन कुछ ही देर में धूलभरी हवाएं शुरू हो गई। दोपहर डेढ़ बजे कुछ फुहारें गिरीं, लेकिन तेज हवाएं बादलों को जल्दी उड़ा ले गई।लेकिन इससे अधिकतम तापमान घट कर 41 डिग्री सेल्सियस हो गया।
उदयपुर में एक पखवाड़े से गर्मी से त्रस्त शहरवासियों ने गुरुवार को गर्मी से थोड़ी राहत महसूस की। वातावरण में ठंडक छाने लगी है। यहां पर पारा 39 डिग्री रहा। चित्तौड़गढ़ में पारा 42 डिग्री रिकार्ड किया गया। यहां प्रचंड गर्मी का दौर बरकरार है। उमस और तपिश के सामने कूलर-पंखे भी फेल होने लगे हैं। अजमेर में गर्मी का प्रकोप जारी है। गुरुवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस बना रहा।