HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

आईजी पहुंचे देहात थाना

शिवपुरी. ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक डी एस सेंगर बुधवार की शाम करीब साढ़े आठ बजे वार्षिक निरीक्षण के लिए देहात थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने करीब दो घंटे बिताए और थाने में साफ सफाई से लेकर रिकार्ड एवं अन्य चीजों की बारीकी से जांच की व कई मामलों में कमियां पाए जाने पर निचले स्टाफ को डांट पिलाई।

वार्षिक निरीक्षण के लिए जिले में आए आईजी डीएस सेंगर ने शाम के बाद देहात थाने में पहुंचे। उनके साथ एसपी डी सी शर्मा, एएसपी मिथलेश शुक्ला, एसडीओपी नीरज पांडेय थे। यहां श्री सेंगर पूरे दो घंटे रुके और उन्होंने थाने का कम्प्यूटर रूम, मालखाना आदि देखा। साथ ही थाने के सभी प्रकार के रजिस्टर एवं रिकार्ड चेक किया।

श्री सेंगर ने यहां थाना प्रभारी नरेन्द्र शर्मा के अलावा यहां पदस्थ एएसआई, प्रधान आरक्षकों से व्यक्तिगत तौर पर चर्चा की और उनसे उनकी बीट के बारे में जानकारी ली। इस बीच जवाब सही नहीं मिलने पर उन्होंने कुछ को फटकार लगाई तो किसी को अच्छा जवाब देने और रिकार्ड सही रखने के लिए पुरस्कृत भी किया।

साल का यह पहला निरीक्षण था, इसलिए इस दौरान एसपी समेत तमाम जिले के पुलिस अधिकारियों को चेहरे पर चिंता की लकीरें थीं। आईजी श्री सेंगर ने निरीक्षण में आला अधिकारियों की भी खबर ली और रिकार्ड को रखने के मामले में लापरवाही पाई। इसके लिए उन्होंने दोषी स्टाफ को दंडित करने के लिए कहा।

गुरुवार को श्री सेंगर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां साफ सफाई की उन्होंने तारीफ की। श्री सेंगर के स्वागत में गुरुवार को एसपी कार्यालय संजाया गया था, जिससे कार्यालय आकर्षक स्वरूप में नजर आ रहा था।

पुलिस कंट्रोल की प्रशंसा की
आईजी डीएस सेंगर ने गुरुवार को तैयार किए गए पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया तो वे इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह सके। उन्होंने इसके कायाकल्प की सराहना की और कहा कि जिलों में इस प्रकार के कंट्रोल रूम की सख्त जरूरत है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि श्री सेंगर ने इस बात पर भी बल दिया कि पुलिस कंट्रोल रूम पर हर समय एक जिम्मेदार अधिकारी तैनात किया जाना चाहिए।

48 घंटे थाना प्रभारी रहे टेंशन में
आईजी डीएस सेंगर के वार्षिक निरीक्षण के लिए जिले में डेरा डालने के कारण 48 घंटे तक जिलेभर के थाना प्रभारी एवं आला अधिकारी टेंशन में रहे। हर थाना प्रभारी को यह डर सता रहा था कि आईजी साहब उनके थाने के निरीक्षण के लिए न आ जाएं। इस कारण गुरुवार को सभी थाना प्रभारी व एसडीओपी अपने-अपने कार्यालय में ही रहे और उन्होंने दो दिन पूर्व ही अपने रिकार्ड को अपडेट कराने के साथ ही थानों एवं कार्यालयों की साफ सफाई करा ली।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: