लाहौर/ नई दिल्लीपाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार देर रात सरबजीत सिंह को सुनाई गई मौत की सजा पर अमल ‘अगले आदेश’ तक टाल दिया है। इसके पहले नई दिल्ली में पाकिस्तान की सूचना प्रसारण मंत्री शेरी रहमान ने इस संबंध में बेहतर परिणाम का आश्वासन दिया था।
लाहौर की कोट लखपत जेल के सुपरिंटेंडेट मलिक मुबाशिर अहमद खान ने आंतरिक मंत्रालय का एक आदेश पढ़कर सुनाया जिसमें लिखा था, ‘भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की मौत की सजा पर अमल अगले आदेश तक मुल्तवी किया जाता है।’ इसके पहले नई दिल्ली में गांधीवादी निर्मला देशपांडे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आईं पाकिस्तान की सूचना और प्रसारण मंत्री शेरी रहमान ने सरबजीत के मामले में कहा, हमने निर्मला जी से कहा था कि ‘जो हमसे बन पड़ेगा, करेंगे और यह विचाराधीन है।’
देशपांडे ने पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के सामने सरबजीत का मुद्दा कई बार उठाया था। देशपांडे के सहायक शिवनाथ ने दावा किया कि मुशर्रफ ने करीब एक पखवाड़े पहले निर्मलाजी से कहा था कि वे नहीं चाहते कि सरबजीत को फांसी दी जाए।